गाजियाबाद में एनडीआरएफ कर्मी बन सैंपल कलेक्शन के नाम पर की ठगी

गाजियाबाद। साइबर जालसाज नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। इसबार बदमाश एनडीआरएफ कर्मी बन एक व्यक्ति से 3.25 लाख रुपये ठग लिए। चिरंजीव विहार के गुलमोहर टावर में रहने वाले आशीष शर्मा ने बताया कि वह एक नामी लैब के लिए सैंपल कलेक्शन का काम करते हैं। थाना कविनगर में दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें 17 जुलाई को फोन कर एक व्यक्ति ने खुद को एनडीआरएफ की कमला नेहरूनगर स्थित आठवीं बटालियन से बताया। कहा कि वह उनकी एजेंसी पर आकर रेट ले गया था और बटालियन से ब्लड व यूरीन के 50 सैंपल लेने की बात कही।

शाम को वीडियो काल पर चार लोगों से बात कराई, जो यूनिफार्म में थे। आधी रकम एडवांस भेजने का झांसा दिया। पीड़ित ने कहा कि पैसे नहीं आए तो वीडियो काल कर भुगतान के लिए चार लोगों की अनुमति के बारे में बताया। बातों में उलझाकर उनसे फोन-पे खुलवाया और क्यूआर कोड स्कैन कराया। आशीष के मुताबिक तीन मिनट तक काल चली और इसके बाद उनके पास बैंक के ओटीपी समेत करीब दस मैसेज आए, जिनमें कोटक महिंद्रा बैंक खाते से 3.25 लाख रुपये डेबिट होने की सूचना थी।

इस मामले को लेकर आठवीं बटालियन के कमांडेंट पीके तिवारी ने कहा है कि एनडीआरएफ कभी भी इस तरह के काल नहीं करती। इसीलिए ऐसे जालसाजों से सावधान रहें। एनडीआरएफ समेत सभी विभाग जरूरत की चीजें जेम्स पोर्टल से खरीदते हैं और सुविधाओं समेत अन्य कार्यों के लिए बाकायदा टेंडर आदि दिए जाते हैं। सेना या अर्द्धसैनिक बल का नाम लेकर किए जाने वाले काल और वीडियो काल के चक्कर में न फंसे। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस से जानकारी करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button