गैर इरादतन हत्या में तीन भाइयों को जेल भेजा, जादू-टोना के विवाद में पड़ोसी की पीटकर की थी हत्या

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर जिले के हुसैनगंज में जादू टोना के आरोप में हुए विवाद के दौरान युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा है। थाना क्षेत्र के उमरपुर गांव निवासी छेद्दा पासवान और अमर पासवान पक्षों के बीच जादू टोना के आरोप-प्रत्यारोप को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के चलते अमर पासवान पक्ष ने 18 जून की रात छेद्दा के पुत्र सुरेंद्र चंद्र पासवान (46) और बहू रन्नो देवी पर हमला किया था। मारपीट के दौरान सुरेंद्र और रन्नो गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के दौरान 20 जून को सुरेंद्र चंद्र की जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने मकनपुर बाजार के पास से आरोपी तीन सगे भाइयों अमर पासवान, बुद्धराज, चौकीदार रामसिंह पासवान को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर आलाकत्ल दो डंडे बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों को जेल भेजा है। बता दें मृतक के भाई श्याम चंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अमर पासवान, राम सिंह पासवान चौकीदार और बुद्धराज, धनराज व उनके चचेरे भाई मिलन, छोटा के खिलाफ गैरइरादतन हत्या, मारपीट, गाली गलौज, बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में बुद्घराज, धनराज, मिलन और छोटा फरार चल रहे हैं। पक्षों के बीच तनाव के हालात उमरपुर गांव के मृतक और आरोपी पक्ष सजातीय हैं। दोनों के घर अगल-बगल बने हैं।
इसी वजह से पक्षों के बीच तनाव के हालात हैं। हमलावर पक्ष का परिवार गांव में इधर-उधर चोरी छिपकर रह रहा है। वहीं मृतक पक्ष के घर में नाते-रिश्तेदारों समेत तमाम लोगों की भीड़ है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव मंगलवार शाम पहुंचा, लेकिन परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया। गांव में सुबह से ही कुछ लोग पीड़ित परिवार को उकसाते नजर आए। पुलिस ने तीन लोगों की गिरफ्तारी का आश्वासन भी दिया। क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य रिंकू सिंह लोहारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को समझाकर दोपहर करीब तीन बजे शव का अंतिम संस्कार के लिए राजी किया। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button