दिल्ली चिड़ियाघर में बाघिन अदिति और बाघ विजय जूनियर का परिवार बढ़ा, छह शावकों को दिया जन्म

नई दिल्ली। नेशनल जूलाजिकल पार्क (दिल्ली चिड़ियाघर) में सोमवार शाम को छह नए शावकों का जन्म हुआ है। इससे वन्यजीव प्रेमियों और चिड़ियाघर प्रशासन के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है।
चिड़ियाघर प्रशासन इसे बाघ संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मान रहा है।चिड़ियाघर निदेशक संजीत कुमार के अनुसार लगभग ढाई से तीन साल बाद बाघिन आदिति और बाघ विजय जूनियर ने छह स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है।
सभी शावक फिलहाल मां की निगरानी में एक अलग सुरक्षित बाड़े में रखे गए हैं। जहां उन्हें विशेष देखभाल और पोषण दिया जा रहा है। पशु चिकित्सकों की एक विशेष टीम 24 घंटे उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इससे पहले बाघिन महागौरी ने भी चार शावकों को जन्म दिया था, लेकिन उचित देखभाल के अभाव में उसके तीन शावक जीवित नहीं रह पाए थे। इस बार प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए विशेष प्रबंध किए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना बाघों की घटती आबादी के बीच एक सुखद संकेत है।
नेशनल जूलाजिकल पार्क बीते वर्षों से बाघ संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम पर गंभीरता से काम कर रहा है, और यह सफलता उन्हीं सतत प्रयासों का परिणाम है। अधिकारियों के मुताबिक यदि सब कुछ सामान्य रहा तो आने वाले कुछ महीनों में इन शावकों को आम जनता के दर्शन हेतु प्रदर्शित किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button