अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार दो दोस्तों की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र के बंथला सिखरानी कट के पास गुरुवार तड़के एक कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके बाद उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि बागपत से पाच दोस्त किसी काम से बुधवार रात लोनी आए थे। इसके बाद लौटते समय सिखरानी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। घटना में दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान बागपत के घिटोरा गांव निवासी दीपेश (22) और जितेंद्र (24) के रूप में हुई है। घटना में विकास, सचिन और मनीष गंभीर रूप से घायल हुए हैं।




