उत्तर पूर्वी जिला पुलिस ने यमुना खादर में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार
दिल्ली ब्यूरो । उत्तर पूर्वी जिला पुलिस ने यमुना खादर में मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।इस एनकाउंटर में गोली लगने से दो बदमाश घायल भी हो गए, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रेसवार्ता में उत्तर पूर्वी जिला डीसीपी संजय सेन ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान यमुना विहार निवासी दीपांशु चौहान, यूपी के गाजियाबाद निवासी सूरज और नीरज के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से यह बात सामने आ रही थी कि आसपास की सड़कों पर लूटपाट करने के बाद अपराधी खादर क्षेत्र से गायब हो जाते हैं।
बीती रात यमुना खादर में बदमाशों की तलाशी अभियान चलाए गए। इस दौरान खादर क्षेत्र में लुटेरों की मौजूदगी की गुप्त सूचना भी मिली थी। इसे देखते हुए एक योजना बनाई गई, जिसमें सीलमपुर और खजूरी खास सब डिवीजन की टीम और ऑपरेशन विंगों को शामिल किया गया। यमुना खादर क्षेत्र के सभी प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं को कवर करके खोज अभियान शुरू किया गया था।
पुलिस टीम पर गोलीबारी करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी रखा। इस दौरान लगभग 2.15 बजे, गढ़ी मेंढू गांव में सड़क के किनारे पाइप लाइन के पास खादर क्षेत्र में 2-3 संदिग्ध व्यक्ति दिखे।पुलिस टीम को देखकर वे भागने लगे और जब पुलिस टीम ने उन्हें रुकने के लिए कहा, तो उन्होंने पुलिस के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी पहचान सूरज के रूप में की गई।उसके साथी को भी लगभग 200 मीटर तक पीछा करने के बाद गिरफ्तार कर लिया।उनकी पहचान नीरज के तौर पर हुई। उसके कब्जे से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।