जंग के बीच अमेरिका में बड़ा बदलाव, डोनाल्ड ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा फ्लोरिडा के पाम बीच हवाई अड्डे का नाम

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के नाम पर कर दिया गया है। एरिक ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए इस बात की जानकारी शेयर की। सूत्रों के मुताबिक, फ्लोरिडा में एक बिल को पास करने के बाद यह फैसला लिया गया है। इस कानून पर रॉन डेसेंटिस ने हस्ताक्षर किए, जिससे एयरपोर्ट का नाम डोनल्ड ट्रंप के नाम पर रखने को औपचारिक मंजूरी मिल गई। ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के अधिकारी एरिक ट्रंप ने X पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, ‘पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब आधिकारिक तौर पर प्रेसिडेंट डोनाल्ड जे. ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ है। मुझे गर्व है कि इसे संभव बनाने में मैंने एक छोटी सी भूमिका निभाई।’ एरिक ट्रंप ने इस प्रयास में सहयोग देने के लिए राज्य के अधिकारियों, जिनमें फ्लोरिडा के सांसद और अटॉर्नी जनरल जेम्स उथमियर शामिल हैं, उनका भी धन्यवाद किया।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट के नामकरण के फैसले स्थानीय स्तर पर लिए जाते हैं और इसके लिए उनकी मंजूरी की आवश्यकता नहीं होती है। हालांकि, इस बदलाव को पूरी तरह से लागू करने से पहले, एजेंसी को कुछ प्रशासनिक अपडेट पूरे करने होंगे, जैसे कि नेविगेशनल चार्ट और डाटाबेस में संशोधन।
ट्रंप ऑर्गनाइजेशन ने कहा कि यह आवेदन फ्लोरिडा के बिल के कारण किया गया था और इस बात पर जोर दिया कि ट्रंप के नाम पर एयरपोर्ट का नाम होने से न तो राष्ट्रपति और न ही उनके परिवार को कोई वित्तीय लाभ मिलेगा। कंपनी ने कहा, ‘इसमें किसी भी तरह की रॉयल्टी, लाइसेंसिंग शुल्क या कोई अन्य वित्तीय लाभ शामिल नहीं होगा।’ यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस एयरपोर्ट का नया नाम 1 जुलाई से लागू किया जा सकता है। हालांकि कुछ इस प्रक्रिया को पूरा करने का काम अभी बाकी है।




