अलीगढ़ में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का बना रहा दबाव
अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र के मोहल्ले की विवाहिता ने संप्रदाय विशेष के एक युवक पर शादी का झांसा देकर छह माह तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि युवक अब शादी करने से इंकार कर रहा है और उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने के साथ ही सोशल मीडिया पर उसकी वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला की रहने वाली युवती की करीब चार साल पहले बुलंदशहर के युवक से शादी हुई थी। कुछ दिन बाद दंपती के बीच विवाद हो गया। महिला अपने मायके में आकर रहने लगी। महिला के अनुसार जून 2021 में वह अतरौली स्थित अपनी ननिहाल गई थी। इसी दौरान एक युवक से उसकी मुलाकात हो गई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनके बीच प्रेम संबंध कायम हो गए। आरोप है कि इसी बीच युवक नाम बदलकर उससे शादी करने का झांसा देता रहा और शारीरिक संबंध बना लिए। करीब छह माह तक युवक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि महिला ने शादी का प्रस्ताव रखा तो युवक ने साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर उसके भाई ने भी जान से मारने की धमकी दे डाली। आरोपी युवक सोशल मीडिया पर उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो व फोटो वायरल करने की भी धमकी दे रहा है। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में मोनू उर्फ फैजान व अली निवासी बड़ी मस्जिद अतरौली के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है, जांच जारी है।