उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने दो स्नैचर्स को दबोचा, 12 मामलों का हुआ खुलासा, मोबाइल और वाहन बरामद

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिमी जिला टीम ने स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से कुल 12 मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से छह चोरी/स्नैच किए गए मोबाइल फोन और तीन चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिकेत उर्फ मुकुल (26), निवासी शास्त्री नगर, और सचिन (20), निवासी भलस्वा डेयरी शामिल हैं। अनिकेत पहले भी सात आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है। दोनों आरोपी चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल स्नैचिंग की वारदातों में करते थे और आसान पैसे कमाने के लिए अपराध की राह पर चल पड़े थे।
14 अप्रैल को शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरजी मॉल, केशवपुरम के पास पेट्रोल पंप के निकट दो युवक बाइक पर आए और उसका रेडमी मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इनके पास से बरामद मोबाइल फोन केशवपुरम क्षेत्र से चोरी/स्नैच किए गए थे, जबकि बरामद वाहन रानी बाग, केशवपुरम और सुभाष प्लेस थानों के मामलों से जुड़े पाए गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे नियमित रूप से स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है और अन्य मामलों की कड़ियां भी जोड़ी जा रही हैं।




