लखीमपुर, बदायूं, संतकबीरनगर, यूपी में एक के बाद एक नृशंस हत्याकांड, क्‍या कर रही है योगी सरकार?

उत्तर प्रदेश डेस्क। उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लखीमपुर खीरी में दो बहनों के साथ रेप के बाद हत्या करके पेड़ पर लाश टांग दिया गया। बदायूं में भी एक घटना हुई, जहां स्टेशन के पीछे जंगली इलाके में एक किशोरी की लाश मिली। लखीमपुर में ही रेप के बाद हत्या का एक और मामला सामने आया। पूर्वांचल में संतकबीरनगर जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक लड़का और लड़की की लाशें पेड़ की डाली से लटकती हुई बरामद की गईं। उधर आगरा में छेड़छाड़ से परेशान एक युवती ने फांसी लगा ली। बीते दिनों मैनपुरी में रंगदारी नहीं देने पर बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया। वहीं राजधानी लखनऊ के एक होटल में युवती की लाश मिली। कौशांबी में एक अधेड़ शख्स की लाश पेड़ से लटकती मिली। ये सभी खबरें यूपी में कानून व्यवस्था के राज के दावों पर सवालिया निशान लगाती हैं।

यूपी में अपराध की बढ़ती घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दल लगातार योगी सरकार पर हमलावर हैं। विपक्षी दल की तरफ से विधानसभा के मौजूदा मॉनसून सत्र में भी इन मुद्दों पर हंगामा होने के आसार हैं। अखिलेश यादव ने मॉनसून सत्र के पहले दिन पैदल ही मार्च भी निकाला। जुर्म की बाढ़ सी आ गई है। सत्तारूढ़ बीजेपी की तरफ से कानून व्यवस्था को लेकर तमाम दावे किए जाते हैं। अपराधियों में खौफ होने की बात योगी सरकार की तरफ से की जाती है। हालांकि विपक्ष लगातार अपराध की घटनाओं को लेकर सरकार के इन दावों पर सवाल उठा रहा है। सदन के अंदर अखिलेश और योगी के बीच बहस भी हुई।

संतकबीरनगर में सोमवार को सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लड़का और लड़की का शव पेड़ की डाली से लटकते होने की जानकारी आई। तेजी से मामला फैला। वहां भीड़ जुट गई। पुलिस भी मौका ए वारदात पर पहुंची। दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया गया। इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृत पाए गए लड़का और लड़की एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। संत कबीर नगर के सदर कोतवाली इलाके के तमेश्वरनाथ पुलिस चौकी क्षेत्र में यह मामला सामने आया है। दोनों के शव रामपुर गांव के पास पेड़ पर लटके पाए गए।

लखीमपुर जिले में 2 दलित बेटियों को घर से खींचकर खेत में ले जाकर रेप करने और फिर मारकर पेड़ पर शव टांगने की घटना सामने आई। तमोली पुरबा गांव में यह घटी। मृतक लड़कियों की मां के मुताबिक, 3 लड़के बाइक से आए थे। उन्होंने लड़की को घसीटते हुए बाइक पर बैठाया और ले गए। खेत में ले जाकर लड़कियों का रेप किया। गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद पेड़ से शव को लटका दिया। पुलिस पर शव को जबरदस्ती अपने कब्जे में लेने का आरोप है। बताया गया कि मौके पर पहुंची पुलिस, शव को कपड़े में लपेटकर जबरन घटनास्थल से लेकर चली गई। जिससे परिवार के लोग अपनी दोनों मृतक बेटियों को ढंग से देख भी न सके।
एक बार फिर से लखीमपुर घेरे में आया, जब गैंगरेप में असफल होने के बाद मां-बेटी की पिटाई से बेटी की मौत की घटना प्रकाश में आई। आरोपी दूसरे समुदाय के बताए जा रहे हैं। 12 सितंबर की शाम थाना भीरा क्षेत्र के एक गांव की युवती से दूसरे समुदाय के युवकों ने गैंगरेप की कोशिश की। विरोध पर मां-बेटी की पिटाई कर दी। युवती को हंसिया मारकर घायल कर दिया गया। युवती का बिजुआ सीएचसी में इलाज चल रहा था। जहां उसकी शुक्रवार को मौत हो गई। पुलिस कार्रवाई की बजाय मामले को दबा दिया। पुलिस ने पीड़िता की मां से तहरीर बदलवाकर सिर्फ एनसीआर दर्ज की। युवती की मौत के बाद मामले का खुलासा होने पर थाना भीरा पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है।
बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एक दलित किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, फैजगंज बेहटा थाना इलाके के एक गांव में रेलवे स्टेशन के पीछे 15 वर्षीय दलित किशोरी का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को उसे बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि किशोरी के परिजनों ने उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया। आसफपुर रेलवे स्टेशन के पास एक किशोरी का शव मिला था, जिसकी पहचान स्थानीय लोगों से कराई गई थी।

यही नहीं, राजधानी लखनऊ में कैसरबाग के इलाक में एक ओयो होटल में लड़की की लाश मिली। मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में एक शख्स की बेरहमी से सिर कुचलकर हत्या कर दिए जाने की बात सामने आई। मनोज की पत्नी पूजा ने आरोप लगाया कि उसके पति ने एक वर्ष पूर्व बझेरा गांव के निवासी मंगल सिंह से एक लाख रुपये उधार लिया था। कुछ दिन बाद मोनू उर्फ शिवेंद्र सिंह दबाव बनाकर एक लाख रुपये का 11 लाख रुपये मांग रहे थे। 11 लाख रुपए ना देने पर खेत का जबरिया बैनामा करने की धमकी दे रहे थे। कौशांबी में एक अधेड़ शख्स की हत्या करके शव को पेड़ पर टांग दिया गया। आगरा में एक युवती ने कथित तौर पर छेड़खानी से दुखी होकर अपनी जान दे दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button