दिल्ली से कांवड़ लेने गए तीन दोस्त गंगा में डूबे, एक की मौत, दो लापता

राजीव कुमार गौड़,(दिल्ली ब्यूरो)। दिल्ली के मानसरोवर पार्क इलाके से हरिद्वार कांवड़ लेने गए चार दोस्त रविवार को गंगा में डूब गए। एक युवक को तो किसी तरह वहां मौजूद लोगों ने बचा लिया, लेकिन तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद सर्च ऑपरेशन में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अभी लापता हैं। मृतक की शिनाख्त अमन (23) के रूप में हुई है। खबर लिखे जाने तक उसके दोस्तों प्रियांशु श्रीवास्तव (22) और यश गुप्ता (21) का पता नहीं चल सका है। हादसे की खबर मिलते ही इनके घरों में कोहराम मच गया। सभी के परिजन दिन में ही हरिद्वार के लिए रवाना हो गए हैं। बाल-बाल बचे चौथे युवक विनीत उर्फ विन्नी ने परिजनों को हादसे की सूचना दी थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
चारों ही युवक शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क, न्यू मॉर्डन शाहदरा इलाके के रहने वाले हैं। अमन के परिवार में पिता विजय कुमार, बड़ा भाई दिपांशु व अन्य सदस्य हैं। अमन प्राइवेट नौकरी करता था। वहीं, प्रियांशु श्रीवास्तव मानसिंह कोठी के पास रहता है। इसके परिवार में पिता विनोद श्रीवास्तव, मां अनीता और एक बड़ा भाई दीपू श्रीवास्तव है। प्रियांशु आरओ का काम करता है। इसके पिता अपनी दुकान चलाते हैं। यश गुप्ता के परिवार में पिता मुकेश गुप्ता, बड़ा भाई प्रतीक गुप्ता व अन्य सदस्य हैं। इनका रेडिमेड गारमेंट का कारोबार है। यश डीयू से ग्रेजुएशन करने के अलावा अपने परिवार के कारोबार में मदद करता था। प्रियांशु के बड़े भाई दीपू ने बताया कि शनिवार सुबह चारों दोस्तों का अचानक कांवड़ लाने का प्रोग्राम बना। प्रियांशु अपनी बाइक व उसके दोस्त ने अपनी स्कूटी ली।
इन पर सवार होकर अमन, यश, प्रियांशु व विनीत शनिवार शाम करीब 4.00 बजे हरिद्वार के लिए निकल गए। देर रात को यह हरिद्वार पहुंचे और एक आश्रम में रुक गए। रविवार सुबह करीब 9.30 बजे चारों भारत माता मंदिर के पास जल लेने के अलावा नहाने लगे। चारों दोस्त एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नहा रहे थे, अचानक प्रियांशु का पैर गहरे पानी में फिसल गया। अमन, यश और विनीत ने उसे बचाने का प्रयास किया तो चारों ही डूबने लगे। किसी को भी तैरना नहीं आता था। शोर मचा तो वहां मौजूद लोगों ने विनीत को तो किसी तरह पानी से निकाल लिया, लेकिन अमन, यश और प्रियांशु गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने के बाद प्रशासन के गोताखोरों ने अमन के शव को पानी से निकालकर मोर्चरी भेज दिया। बाकी की तलाश जारी थी।

रविवार सुबह हादसे के कुछ ही देर बाद परिवार को लड़कों के डूबने की सूचना मिल गई। खबर मिलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। फौरन इनके परिवार वाले हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचने पर प्रियांशु और यश के परिजन अपने लड़कों का सुराग लगाने के लिए मिन्नतें कर रहे थे। रात होने की वजह से रेस्क्यू का काम रोक दिया गया था। सुबह दोबारा दोनों की तलाश की जाएगी। दूसरी ओर दिल्ली स्थित तीनों लड़कों के घरों में मातम छाया हुआ था। इनके रिश्तेदार घरों पर जुटे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button