प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती, पुलिस ने सुरक्षित उतारा
कौशाम्बी के सिकंदरपुर बजहां गांव के पास मचा हड़कंप, प्रेम विवाह के लिए परिजनों की सहमति नहीं मिलने पर उठाया कदम; मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। संदीपन घाट थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहां गांव के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती को टॉवर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही संदीपन घाट थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, हिमांशी निवासी गोगाही, थाना चरवा, अखिल निवासी पन्नोई, थाना संदीपन घाट से विवाह करना चाहती है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों की ओर से प्रेम विवाह के लिए सहमति नहीं मिल रही थी। इसी बात से नाराज होकर युवती सिकंदरपुर बजहां गांव के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी नागेंद्र नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती को समझाने-बुझाने और सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिस की समझाइश के बाद युवती टॉवर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
युवती के टॉवर पर चढ़ने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। काफी देर तक लोगों की निगाहें टॉवर पर चढ़ी युवती पर टिकी रहीं। पुलिस की प्राथमिकता युवती को सुरक्षित नीचे उतारना रही। घटना के बाद प्रेम विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच सहमति का मुद्दा चर्चा में आ गया।




