दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ओएलएक्स पर बेचकर कमाते थे रुपये

नोएडा। नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने नोएडा व एनसीआर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल और तीन स्कूटी बरामद की हैं।
थाना पुलिस के मुताबकि, 24 जून को नोएडा थाना फेस-1 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस व मैनुअल इंटेलीजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए नोएडा व एनसीआर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया। पुलिस दो आरोपी सूरज सिंह पुत्र रामजी सिंह और हर्ष पांडेय उर्फ मौसम पुत्र सुधीर पांडेय को ए16, सेक्टर-6 नोएडा से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी और निशादेही पर कुल पांच मोटरसाइकिल व दो स्कूटी बरामद की गईं। गिरफ्तार बदमाश चोरी के वाहन को ओएलएक्स पर डालकर बेचते थे और उससे कमाई करते थे। गिरफ्तार आरोपी सूरज बीकॉम पास है।




