दिल्लीवालों के लिए खुशखबरी, पानी के बकाया बिलों पर ब्याज माफ, कनेक्शन शुल्क में भी बड़ी कटौती

नई दिल्ली। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर दिल्ली जल बोर्ड की बोर्ड बैठक में लिए गए कई अहम फैसलों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड पिछले कई वर्षों से भारी कर्ज में है, जिससे दिल्लीवासियों को बिल और नए कनेक्शन को लेकर लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मंत्री ने बताया कि पानी के बिलों पर ब्याज दर को घटा दिया गया है। अब तक जल बोर्ड के बिलों पर 5 प्रतिशत प्रति बिल-साइकिल कंपाउंडिंग ब्याज लगता था।
इसे घटाकर 2 प्रतिशत प्रति बिल-साइकिल कर दिया गया है। पहले 100 रुपये का बकाया बिल एक साल में 178 रुपये हो जाता था, अब वही बिल 130 रुपये में सिमट जाएगा। सरकारी और घरेलू उपभोक्ताओं के बकाया पानी बिल पर ब्याज माफ करने की घोषणा की गई है। यह योजना अगले माह से लागू होगी।
मंत्री ने बताया कि जल बोर्ड पर बकाया बिल 87,589 करोड़ रुपये है, जिसमें से 80,463 करोड़ रुपये केवल ब्याज है। इस माफी योजना के तहत विभिन्न इलाकों में कैंप लगाए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह इस सरकार के कार्यकाल की पहली और अंतिम बिल माफी योजना है। अब किसी भी प्रमाणपत्र के लिए बिजली बिल की तरह तीन माह का पानी बिल दिखाना अनिवार्य होगा। व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए छूट की घोषणा बाद में की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button