कंबोडिया के साइबर ठग गिरोह के लिए कमीशन पर करते थे ऑनलाइन ठगी

पलवल। साइबर पुलिस ने 1500 किलोमीटर दूर जोगबानी, बिहार (नेपाल बार्डर) से एक अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपित देश के अलग-अलग राज्यों में 100 से अधिक साइबर ठगी के मामलों में शामिल थे, जिनमें करोड़ों रुपये की ठगी की गई थी। आरोपित कंबोडिया से चलने वाले साइबर ठग गिरोह के लिए काम करते थे। कंबोडिया से चलने वाले गिरोह लोगों को टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर कई गुना मुनाफे का झांसा देता। इसके बाद जब लोग गिरोह के झांसे में आ जाते तो उनके पैसे निवेश के नाम पर लगवाकर उनसे ठगी की जाती थी।
गिरफ्तार सभी आरोपी साइबर ठगी के पैसे अपने खातों में डलवाते और यह राशि कंबोडिया भेज देते थे। इसके बदले में आरोपियों को 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 27 मोबाइल , नौ पासबुक और 5 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
बरामद किए गए मोबाइल और बैंक खातों की जांच से पता चला है कि नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर उनके खिलाफ करीब 100 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब इन आरोपितों के आपराधिक रिकाॅर्ड खंगाल रही है और उनसे और भी वारदात का खुलासा होने की उम्मीद है। इसके लिए आरोपितों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
प्रेसवार्ता में एसपी वरुण सिंगला ने बताया यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब पलवल के मानपुर गांव के हर्ष कुमार ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें टेलीग्राम पर एक ग्रुप में जोड़ा गया, जहां उन्हें निवेश पर पैसे दोगुने करने का लालच दिया गया। आरोपितों ने हर्ष से अलग-अलग बैंक खातों में 10,657 रुपये जमा करवाए। जब हर्ष ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उनसे ”हेज” और अन्य टैक्स के नाम पर और पैसे जमा करने के लिए कहा गया। इसी के बाद उन्होंने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों के विवरण की गहनता से जांच की। इसके बाद, टीम 1500 किलोमीटर दूर जोगबानी, बिहार (नेपाल बार्डर) पहुंची और 23 अगस्त को इस अंतरराज्यीय गिरोह के दस सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
यश परिहार (राजस्थान), विजय उपाध्याय (नेपाल), सोजस नाथ (पश्चिम बंगाल), रवि सिंह (राजस्थान), भागचंद (राजस्थान), गजेंद्र सिंह सैनी (राजस्थान),जिरनजीत दास (पश्चिम बंगाल), नरेंद्र सिंह (राजस्थान), पंकज देवड़ा (राजस्थान), रोहित भार्गव (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button