सीबीआई ने सरिता विहार थाने के दो पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
![]()
राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस के कई पुलिसकर्मी पिछले कुछ दिनों में भ्रष्टाचार को लेकर गिरफ्तार हो चुके हैं। हाल ही में सीबीआई ने एक थाने के एसआई और एएसआई को गिरफ्तार किया है। दोनों मुकदमा दर्ज करने के लिए रिश्वत ले रहे थे। सीबीआई ने इन्हें थाने से गिरफ्तार किया है। पिछले हफ्ते भी पांच पुलिसकर्मी रिश्वत को लेकर गिरफ्तार हुए थे।
दिल्ली पुलिस में फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। पुलिस कर्मियों द्वारा रिश्वत मांगने से आजिज आकर आए दिन लोग उनके खिलाफ सीबीआई में शिकायत कर रहे हैं, जिससे सीबीआई थानों व यूनिटों में छापा मार पुलिसकर्मियों को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर रही है।
ताजा मामला मंगलवार को दक्षिण-पूर्वी जिले के सरिता विहार थाने का सामने आया है। सुबह छह बजे सीबीआई ने सरिता विहार थाने में छापा मार एसआई राज कुमार व एएसआई रघुराज को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों ने दहेज प्रताड़ना के मामले में दर्ज मुकदमे को रद्द करने के एवज में रिश्वत ली थी। दोनों पुलिसकर्मी कई सालों से सरिता विहार थाने में तैनात थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग ने दोनों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। इस मामले ने एक बार फिर दिल्ली पुलिस की छवि धूमिल कर दी है।
सीबीआई का कहना है कि कुछ समय पहले एक व्यक्ति ने शिकायत कर आरोप लगाया कि पिछले साल सरिता विहार थाने में उनके खिलाफ दर्ज दहेज प्रताड़ना के मामले में केस को रद्द करने के एवज में एसआई और एएसआई ने उनसे रिश्वत की मांग कर रहे हैं।




