गाजियाबाद में मेयर पद पर भाजपा का सातवीं बार परचम लहराया

गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम में मेयर सीट पर लगातार सातवीं बार भाजपा का कब्जा कायम रहा। भाजपा की सुनीता दयाल ने इस सीट पर अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की। उन्होंने बसपा की मेयर प्रत्याशी निसारा खान को 287656 वोटों के अंतर से हराकर मेयर की कुर्सी पर भाजपा का दबदबा कायम रखा। कुल 603730 वोटों में से सुनीता दयाल को 350905 यानी 58.12 फीसदी वोट मिले हैं। निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने सुनीता दयाल को प्रमाण पत्र दिया।
मेयर पद पर हुए चुनाव में बसपा की प्रत्याशी निसारा खान 63249 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रही। तीसरे नंबर पर रहीं कांग्रेस की पुष्पा रावत को 58951 मत मिले हैं। चौथे स्थान पर सपा व गठबंधन की पूनम यादव रहीं। पूनम को 57608 मिले हैं। भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल ने मतगणना के पहले ही राउंड से बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। 37 राउंड में पूरी हुई मतगणना के दौरान वह किसी भी राउंड में पीछे नहीं रहीं।




