यूपी सरकार में मंत्री रघुराज सिंह के घर से 50 लाख रुपये की चोरी

50 lakh rupees stolen from the house of Raghuraj Singh, a minister in the UP government

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले में यूपी सरकार में मंत्री रघुराज सिंह के घर हुई चोरी की वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मंत्री अपने ही घर में नौकर से जरिए चोरी के शिकार हो गए। मंत्री के घर में 20 साल पुराने नौकर ने करीब 50 लाख रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पहले तो परिवार के लोग घर में ढूंढते रहे, लेकिन अब मंत्री जी के बेटे ने 3 नौकरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 40 से 45 लाख रुपये के गहने बरामद हो गए हैं।
दरअसल प्रदेश के भवन और अन्य संनिर्माण कर्मकार राज्य परामर्श दात्री समिति के अध्यक्ष, दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह के घर में फरवरी में सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। तब मंत्री की पत्नी की तबीयत काफी खराब चल रही थी, जिनका उपचार दिल्ली एम्स में चल रहा था। हालांकि बाद में उनका निधन हो गया। परिवार के सभी लोग दिल्ली में ही उनके उपचार में लगे हुए थे।
मंत्री के बेटे नीशू ठाकुर ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि घर में उनका 20 साल पुराने नौकर सोनू और सागर और उनकी मां रहती थीं। घर से जब ज्वेलरी चोरी होने की जानकारी हुई तब परिवार के लोगों ने काफी ढूंढने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। अब जानकारी मिली कि उनके नौकर सागर ने अपने एक साथी सचिन के साथ उन चुराए गई ज्वेलरी में से कुछ भाग किसी को बेचा है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने चार लोगों को मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
घटना को लेकर मंत्री रघुराज सिंह ने बताया कि यह घरेलू सामान परिवार के बुजुर्गों से हम लोगों को मिला था। करीब आधा किलो सोना, तकरीबन 5 से 6 किलो चांदी जो कि बच्चों की शादी का है। हमारी पत्नी 2023 में बीमारी के चलते एम्स अस्पताल में भर्ती थी तो मेरे दोनों पुत्र भाग दौड़ में लग हुए थे। इसी दौरान इन लोगों ने घरेलू नौकर जो 20 से 25 साल पुराना है। हमने कभी सोचा नहीं था कि ऐसा भी होगा। पूरा घर नौकरों के हाथ में था। इसी समय इन लोगों ने चोरी कर ली।
मंत्री ने कहा, घटना की किसी को इसलिए जानकारी नहीं दी क्यों पत्नी की मृत्यु के सदमे में थे। तीन-चार महीने उसी में निकल गए, जबकि दिमाग में रहता था कि हमारा सामान गया कहां? बड़ी मेहनत से पूर्वजों ने हमें दिया और इन लोगों ने निकाल कर बेच दिया। दो दिन पहले हमें पता चला। मेरे बेटे की हीरे वाली अंगूठी मिल गई थी। फिर हमने सीओ को बुलाया और इंस्पेक्टर बन्ना देवी को बुलाया। मैं पुलिस की तारीफ करता हूं कि इन लोगों ने 24 घंटे में पूरा राज खोल दिया।
सीओ आरके सिसोदिया ने बताया कि थाना बन्ना देवी क्षेत्र के अंतर्गत एक प्रकरण प्रकाश में आया है। इसमें आईटीआई रोड के गभाना हाउस में निवास कर रहे मंत्री के बेटे से घर में लगभग 50 लाख की चोरी की बात बताई गई। इसमें सोने-चांदी के आभूषण होना बताया गया था। चोरी की वारदात को लेकर नौकर पर आशंका जताई। सूचना के आधार पर उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। इसमें चार आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। 90 से 95 प्रतिशत चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। इसकी कीमत करीब 40 से 45 लाख रुपए बताई जा रही है। शेष सामान की बरामदगी को तीन टीमें प्रयासरत हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button