किसान ने धूमधाम से कराया भैंस का मुंडन, इलाके के लोगों को दी दावत

हरदोई,(उत्तर प्रदेश)। हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के सुन्नी गांव में एक किसान ने अपनी भैंस का विधि विधान से मुंडन संस्कार कराया। मुंडन में बैंड बाजा भी आया और लोगों ने नाच कर खूब जश्न मनाया। यही नहीं मुंडन संस्कार कराने वाले किसान ने निमंत्रण देकर इलाके लोगों को दावत भी दी। बघौली थाना क्षेत्र के सुन्नी गांव में स्थित देवी मंदिर में सोमवार से शुरू हुए नवरात्रि के चलते सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ थी। भक्तगण पूजा अर्चना में जुटे थे। इसी दौरान गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव अपनी भैंस के साथ मंदिर पहुंचे और भैंस का विधि विधान से मुंडन कराया। इतना ही नहीं मुंडन के बाद करीब तीन सौ लोगों को दावत भी दी। मुंडन में बैंड बाजे के के साथ लोगो ने खूब जश्न मनाया है। इलाके में भैंस का यह मुंडन समारोह हर किसी की जुबान पर है।

भैंस का मुंडन करने को लेकर किसान प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि न जाने किसका श्राप लगा है कि भैंस के बच्चे पैदा होने के बाद मर जाते थे। इसके चलते काफी समय से वह इसे लेकर परेशान था। भैंस के बच्चे सकुशल रहें इसको लेकर उसने गांव के मंदिर में देवी मां के समक्ष यह मन्नत मांगी थी कि यदि उसकी भैंस का बच्चा सकुशल रहता है तो वह यहां विधि विधान से मुंडन कराएगा। प्रमोद ने बताया कि इस बार भैंस ने पड़िया को जन्म दिया जो सकुशल है। इसीलिए उसने जो मन्नत ली थी और जो संकल्प लिया था, उसी अनुरूप अपनी भैंस का मुंडन कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button