दिल्ली में पानी की किल्लत पर एक्शन में सरकार, गाड़ी धोने, टंकी ओवरफ्लो होने पर 2000 का जुर्माना

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पानी की किल्लत को देखते हुए कई इलाकों में दिन में एक बार ही पानी सप्लाई की जा रही है। इस बीच राज्य सरकार ने पानी की कमी को रोकने और उसकी बर्बादी पर लगाम लगाने के लिए सख्ती शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार की जल मंत्री आतिशी ने एक आदेश जारी कर कई सख्तियों का ऐलान किया है।
आतिशी ने पानी की बर्बादी रोकने के लिए जल बोर्ड के सीईओ को निर्देश जारी किए हैं। मंत्री ने कहा है कि पानी की बर्बादी रोकने की जांच के लिए 200 टीमों का गठन किया जाए। मंत्री ने कहा कि पानी की बर्बादी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
आदेश में कहा गया है कि घरों में पाइप केजरिए गाड़ी धोने और पानी के टैंक के ओवरफ्लो होने पर 2000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा कंस्ट्रक्शन साइट के अवैध पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। कमर्शियल इलाके में अवैध पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे।




