नोएडामें महिला पुलिसकर्मियों को दी गईं 58 स्कूटी गायब! अफसरों ने कहा जानकारी नहीं

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा जैसे शहर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए 2020 में स्वयं सिद्ध स्कीम के तहत महिला पुलिसकर्मियों को 100 स्कूटी दी गई थीं, लेकिन 58 स्कूटी कहां गई नोएडा पुलिस को कुछ नहीं पता है। ये खुलासा एक आरटीआई में हुआ है। इस समय नोएडा पुलिस के पास सिर्फ 42 स्कूटी हैं। तत्कालीन कमिश्नर आलोक सिंह ने स्कूटी को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया था।
स्कूटी की जानकारी नोएडा के आरटीआई कार्यकर्ता संजन तोमर ने मांगी थी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जब ये पढ़ा कि 100 स्कूटी पूरे शहर में महिला सुरक्षा के लिए लगाई थीं, लेकिन उनको कभी ऐसा नहीं लगा तो आरटीआई के तहत जानकारी मांग ली, जिसमें पता चला कि केवल तीन साल में 58 स्कूटी का कोई अता-पता नहीं चला। कमिश्नर ने स्वयं कहा कि 42 स्कूटी स्वयं सिद्ध योजना के तहत पूरे शहर में चल रही हैं। उन्होंने अन्य स्कूटी के बारे में कहा कि उनकी कोई जानकारी नहीं है।
वहीं, नोएडा पुलिस का कहना है कि जिले में 100 स्कूटी चल रही हैं। पुलिस ने कहा कि आरटीआई में सिर्फ नोएडा का डेटा मांगा गया था, जबकि पूरे गौतमबुद्ध नगर में 100 स्कूटी चल रही है। कोई भी स्कूटी गायब नहीं हुई है। लोगों में नाम को लेकर भ्रम है। लोग नोएडा कहते हैं, जबकि पूरे जिले का नाम गौतमबुद्ध नगर है।




