बहराइच में 52.97 प्रतिशत मतदाताओं ने डाला वोट

राहुल सिंह,(बहराइच,उत्तर प्रदेश)। जिले के आठ निकायों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। सूरज की गर्मी के साथ ही मतदाताओं का जोश भी बढ़ा और मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं। दोपहर होते-होते मतदाताओं के जोश में कमी आई और कई बूथों पर सन्नाटे की स्थिति रही। धूप कम होने के साथ ही मतदाताओं ने एक बार फिर बूथों की ओर कूच किया। मतदान खत्म होने पर जिले में 52.97 प्रतिशत मतदान किया गया। पिछली बार की तुलना में दो फीसदी मत प्रतिशत कम हो गया।
दो नगर पालिका व छह नगर पंचायतों के 144 वार्डों व आठों निकायों के अध्यक्ष पद के लिए सुबह मतदान शुरु हुआ। सभी 365 बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। सुबह के समय मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बूथों पर मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी। मतदान को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं में देखने को मिला। मतदान को लेकर बुजुर्ग भी पीछे नहीं रहे। पयागपुर में जहां 103 वर्ष के बुुजुर्ग ने मतदान किया तो वहीं विभिन्न बूूथों पर 80 से 90 वर्ष के बुुजुर्ग पूरे जोश के साथ मतदान करने पहुंचे।
शहर की सरकार बनाने को लेकर दिव्यांग मतदाता भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने भी मतदान कर अपना फर्ज निभाया। महिलाएं भी पुरुषों से पीछे नहीं रही। उन्होंने ने भी परिवार के साथ वोट किए। दोपहर के समय धूप के चलते मतदाताओं का जोश थोड़ा डगमगाया और इसका असर मतदान पर देखने को मिला। मतदान खत्म होने तक निकायों के 52.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2017 के चुनाव में 54.80 प्रतिशत मतदान हुआ था। यानी इस बार 1.83 प्रतिशत कम मतदान हुआ।
पालिकाओं में नानपारा व नगर पंचायतों में कैसरगंज अव्वल
जिले की दो नगर पालिकाओं बहराइच व नानपारा के मतदान प्रतिशत में नानपारा नगर पालिका के मतदाताओं ने बाजी मारी। नानपारा में जहां 58.99 प्रतिशत तो बहराइच में सिर्फ 45.94 प्रतिशत मतदान हुआ। बहराइच नगर पालिका सभी आठों निकायों के मतदान प्रतिशत में भी फिसड्डी रही। वहीं, नगर पंचायतों में 68.36 प्रतिशत मतदान के साथ कैसरगंज पहले स्थान पर रही। नगर पंचायतों में 66.93 प्रतिशत मत के साथ रिसिया दूसरे, 63.78 प्रतिशत अंक के साथ पयागपुर तीसरे, 61.60 प्रतिशत मतदान के साथ जरवल चौथे, 58.62 प्रतिशत मत के साथ मिहींपुरवा पांचवें और 53.26 प्रतिशत मतों के साथ रुपईडीहा छठवें स्थान पर रहा।
दो घंटे लाइन में लगे, बारी आई तो पड़ चुका था वोट
मतदान के दौरान कई स्थानों पर फर्जी मतदान का आरोप लगा। सरस्वती नगर निवासी मोहम्मद सलीम का वोट किसी अन्य ने डाल दिया। कृषि भवन स्थित मतदान केन्द्र से निराश होकर बाहर निकले सरस्वती नगर निवासी सलीम ने बताया कि मताधिकार का प्रयोग करने के लिए वह दो घंटे तक लाइन लगाकर कड़ी धूप में खड़े रहे। इसके बाद जब वह अंदर गए तो वहां मौजूद कार्मिकों ने बताया कि आपने वोट डाल दिया है। उन्होंने बताया कि दोबारा वोट डालने की बात कहकर कर्मी उनके ऊपर झल्लाए भी। सलीम ने बताया कि उनका वोट किसी ने फर्जी तरीके से डाल दिया है।
वोटर लिस्ट व पहचान पत्र में नामों में अंतर, वोटर परेशान
मतदान केंद्रों पर पहचान पत्र लेकर मतदान पहुंचे तो कई के पहचान पत्र में नाम व निर्वाचन आयोग की ओर से जारी वोटर लिस्ट के नाम में अंतर रहा। जिसके चलते कई बूथों पर मतदाताओं को जूझते देखा गया। इस दौरान कई बूथों पर मतदाताओं व मतदान कार्मिकों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। कुछ लोगों की पहचान मौजूद सभी एजेंटों की पुष्ट किए जाने पर उन्होंने अपना वोट डाला। कई वोटरों को घर वापस जाना पड़ा।
पयागपुर में बूथ कैप्चरिंग का आरोप, आठ मत पत्र फाड़े
नगर पंचायत पयागपुर में शाम पांच बजे तक मतदान शांतिपूर्ण रहा, लेकिन पांच बजे के बाद मतदान केंद्र पैतौरा पर एक पार्टी प्रत्याशी के प्रतिनिधि पर बूथ कैप्चरिंग व अंदर घुस कर मतपत्र फाड़ने का आरोप लगा। बूथ कैप्चरिंग की बात फैलते ही क्षेत्र में माहौल गरम हो गया। दूसरी पार्टी के कार्यकर्ता भी बूथ पर पहुंचे। विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक पार्टी के अध्यक्ष पद के प्रतिनिधि चार-पांच वाहनों से बूथ पर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। मारपीट की कोशिश भी की।
बूथ के अंदर घुसकर मत पत्र छीनने और फाड़ने का भी आरोप लगा है, जिसकी फोटो वायरल हो रही है। बताया जा रहा है आठ मत्र पत्र फाड़े गए हैं, जिसमें अध्यक्ष के चार व सभासद के चार मतपत्र है। अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी नहीं की गयी है। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि मतपत्र फाड़ने के प्रकरण की जानकारी हुई है। मौके पर जांच के लिए एएसपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। एडीएम अनिरुद्ध सिंह भी मौके पर जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने पर ही पूरे प्रकरण की हकीकत सामने आ पाएगी।




