गाजियाबाद में अंडे के भीतर से निकला प्लास्टिक, मामले की शुरू हुई जांच

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अंडे के भीतर से प्लास्टिक मिलने का मामला गरमा गया है। इस मामले ने अंडा प्रेमियों की परेशानी बढ़ा दी है। अंडे के भीतर से प्लास्टिक मिलने का खुलासा एक व्यक्ति ने किया। गाजियबाद में प्लास्टिक और केमिकल के प्रयोग से नकली अंडा बनाने का कारोबार चलने की खबरें पहले भी आती रही हैं। हालांकि, ताजा मामला हैरान करने वाला है। कुत्ते के लिए अंडा लाने वाले व्यक्ति ने इसमें प्लास्टिक होने का खुलासा किया है। इस मामले के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर जांच तेज किए जाने की बात कही गई है।
गाजियाबाद के मोदीनगर में अंडे की जर्दी में प्लास्टिक मिलने का मामला सामने आया है। एसडीएम संतोष कुमार राय ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। पतला निवासी अशोक अपने पालतू कुत्ते को अंडे खिलाते हैं। मोदीनगर के सौंदा रोड स्थित थोक अंडा विक्रेता से मंगलवार को वे अंडे लेकर आए थे। कुत्ते ने अंडा नहीं खाया तो पशु चिकित्सक को बुलाया। जांच में डॉक्टर ने अंडे में प्लास्टिक बताया। इसका विडियो भी वायरल हो रहा है। अब प्रशासनिक स्तर पर इसकी जांच शुरू कराई जा रही है।
नकली अंडा सेहत के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। देखने में यह बिल्कुल असली अंडा की तरह होता है। लेकिन, इसकी पहचान आसानी से की जा सकती है। असली अंडा भारी होता है। अगर इसे पानी में डालेंगे तो यह नीचे चला जाता है। नकली अंडा में प्लास्टिक, सिंथेटिक होने के कारण यह हल्का होता है। पानी में डालने पर तैरने लगता है। इस तकनीक से आप आसानी से असली और नकली अंडे की पहचान कर सकते हैं। इसके अलावा आप नकली अंडा को जलाकर भी टेस्ट कर सकते हैं।
असली अंडा जलने में काफी दिक्कत होती है। वहीं, नकली अंडे को जलाने पर इसमें प्लास्टिक होने के कारण तुरंत आग लगती है। प्लास्टिक का स्मेल भी आने लगता है। नकली अंडे के पास मक्खियों के न होने का भी दावा किया जाता है। साथ ही, यह हार्ड होती है। इसे फोड़ने में काफी जोर लगाना पड़ता है। असली अंडे काफी सॉफ्ट होते हैं।




