पत्नी से विवाद होने पर कांस्टेबल ने वीडियो कॉल पर बात करते खुद को गोली से उड़ाया
After a dispute with his wife, the constable shot himself while talking on a video call

ग्रेटर नोएडा। यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात अंकुर राठी ने शादी के 6 साल बाद ही अपनी जिंदगी को उजाड़ लिया। पत्नी से वीडियो कॉल पर विवाद होने पर अंकुर ने यह खौफनाक कदम उठाया है। अंकुर के दो माह की बेटी अक्षिता है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया है। ग्रेटर नोएडा में रबूपुरा कोतवाली में तैनात एक कांस्टेबल ने शनिवार देर रात पत्नी से वीडियो कॉल के दौरान विवाद होने पर गुस्से में सरकारी असलहे से खुद को गोली मार ली। जानकारी होने पर पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि 30 वर्षीय अंकुर राठी मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर कोतवाली के सड़ब्बर गांव का रहने वाला था। वह 2016 बैच का कांस्टेबल था। अंकुर लंबे समय से पारिवारिक कलह से जूझ रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वह शनिवार रात करीब 11 बजे कोतवाली प्रभारी की जीप में ईंधन डलवाने के लिए मोहम्मदपुर गांव वाहन लेकर अकेले गया था। इसी बीच उसके मोबाइल पर पत्नी की वीडियो कॉल आई। किसी बात पर उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में आकर वीडियो कॉल के दौरान ही उसने सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
इसके बाद पत्नी ने तत्काल ही मामले की सूचना कोतवाली में तैनात एक सिपाही को दी। इसके बाद पुलिस के अधिकारियों ने सिपाही की सीडीआर निकालकर उसकी लोकेशन तलाश की और मौके पर पहुंचकर उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते सिपाही ने खुद को गोली मारी थी। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव पीड़ित स्वजन को सौंप दिया है। अंकुर की शादी मार्च 2018 में शामली जनपद के गांव भिक्कीदेह निवासी शिवानी से हुई थी। एक बेटी अक्षिता दो माह की है। पिता जयवीर राठी की बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।




