फतेहपुर में ट्रैक्टर चालक से मारपीट और लूट, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में बीते सप्ताह लोहारन डेरा भसरौल निवासी शिवम यादव पुत्र विमलेश यादव ट्रैक्टर से कस्बा किशनपुर से लौटकर घर जा रहे थे। तभी टूटहवापुर के पास अर्जुनपुर रेवाड़ी मौजा रायपुर भसरौल निवासी बलराम निषाद पुत्र राजाराम निषाद, नीरज निषाद पुत्र मेवा लाल निषाद तथा दो अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रैक्टर रुकवाकर शराब के नशे में चालक से गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट की और जबरन ट्रैक्टर की चाबी व मोबाइल छीन लिया। साथ ही चालक को जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित द्वारा थाना स्थानीय पर दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और गिरफ्तारी के प्रयास किए। पुलिस ने नीरज कुमार पुत्र मेवा लाल निषाद उम्र 22 वर्ष निवासी अर्जुनपुर रेवाड़ी मौजा रायपुर भसरौल को गुरुवल पहाड़पुर रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से लूटी गई ट्रैक्टर की चाबी, एक हजार बीस रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम के नेतृत्व में की गई। इस टीम में उपनिरीक्षक विजय बहादुर, उपनिरीक्षक रमेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार यादव और कांस्टेबल बृजेश पाल शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button