दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पिस्टल-कारतूस के साथ राजस्थान के हथियार सप्लायर को किया गिरफ्तार
Delhi Crime Branch arrested arms supplier from Rajasthan with pistol and cartridges

नई दिल्ली। दिल्ली क्राइम ब्रांच के राजौरी गार्डन वेस्टर्न रेंज 1 की पुलिस टीम ने इंटर स्टेट आर्म्स सप्लायर गैंग के एक मेंबर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से चार कंट्री मेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह सप्लायर राजस्थान से आर्म्स लाकर दिल्ली के गैंगस्टरों और लोकल क्रिमिनल को सप्लाई करता था। गिरफ्तार हथियार सप्लायर हरि सिंह मूल रूप से राजस्थान के अलवर का रहने वाला है।
गिरफ्तार हथियार सप्लायर फिलहाल दिल्ली के तिलक विहार में रहकर आर्म्स सप्लाई के धंधे में शामिल था। यह पहले से तिलक नगर, हरी नगर और राजस्थान के खैरथल तिजारा के अलग-अलग मामलों में शामिल रह चुका है। डीसीपी सतीश कुमार ने बताया कि इस हथियार सप्लायर के पास से एक ऑटो रिक्शा भी बरामद किया गया है। जिसका इस्तेमाल यह हथियार सप्लायर की तस्करी के दौरान करता था।
एसीपी अजय कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर संजय कुमार, सब इंस्पेक्टर अमित, सहायक सब इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, विनोद कुमार, आदित्य, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश, प्रवीण, कांस्टेबल पार्वती की टीम ने जानकारी इकट्ठा की। इसी के बाद आरोपी आर्म्स सप्लायर को गुरुग्राम महिपालपुर रोड पर ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार हथियार सप्लायर हरि सिंह को उस समय पकड़ा गया जब वो ऑटो से कहीं जा रहा था। उसकी तलाशी ली गई तो चार पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। क्राइम ब्रांच थाना में इसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया।




