दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में कुख्यात बदमाश वसीम की हत्या से मचा हड़कंप

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। 32 वर्षीय वसीम नामक शख्स की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतक वसीम को स्थानीय लोग इलाके का कुख्यात बदमाश बताते हैं। परिजनों का आरोप है कि वसीम की हत्या उसके ही भतीजे ने आपसी रंजिश के चलते की है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, वसीम वही व्यक्ति है जिस पर कुछ दिन पहले गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में हाशिम बाबा गैंग के शूटरों ने हमला करने की कोशिश की थी। उस दौरान शूटरों से हुई चूक के कारण वसीम की जगह अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज को गोली लग गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मामला काफी चर्चा में रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वसीम पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे और उसका नाम छेनू गैंग से भी जुड़ा बताया जा रहा है। इसके अलावा वह थाना शास्त्री पार्क का घोषित अपराधी भी था। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है।
फिलहाल शास्त्री पार्क थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के परिजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।




