गोरखपुर में पुलिस ने मारपीट कर छीना मोबाइल, गले पर हंसिया लगा सड़क पर लेट गया युवक

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर के शाहपुर थाने में रविवार की सुबह बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया। युवक ने अपने ससुराल में कुछ रुपये उधार पर दिए थे। कई बार मांगने पर भी ससुराल पक्ष से रुपये नहीं मिले। अंत में युवक ने ससुराल से उधार दिए रुपये न दिए जाने की शिकायत शाहपुर थाने में कर दी और पुलिस से मदद मांगी।
आरोप है कि पुलिस ने मदद करने की जगह युवक पर ही सख्ती करना शुरू कर दिया। युवक की ही पिटाई भी पुलिस ने कर दी और उसको मोबाइल फोन भी छीन लिया। इसी से नाराज युवक हाथ में हंसिया लेकर गला काटने की धमकी देते हुए पिपराइ रोड पर लेट गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस के हांथ-पैर फूल गए। पुलिस ने युवक को विश्वास दिलाते हुए ससुराल पक्ष पर कार्रवाई करने और उसका मोबाइल मौके पर ही लौटाने के बाद युवक को शांत करवाया। पुलिस से मिले आश्वासन के बाद युवक शांत हो सका।




