पाकिस्तान के पंजाब विश्वविद्यालय में हिंदू छात्रों को रॉक किया गया, 15 घायल

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क।  पाकिस्तान के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के कम से कम 15 छात्र सोमवार को एक कट्टरपंथी इस्लामी छात्र संगठन के सदस्यों द्वारा यहां पंजाब विश्वविद्यालय परिसर में कथित तौर पर होली मानने से रोकने को लेकर हुए विवाद के दौरान घायल हो गए। यह घटना सोमवार को पंजाब विश्वविद्यालय के “लॉ कॉलेज” में हुई, जब करीब 30 हिंदू छात्र होली मनाने के लिए जमा हुए।

विश्वविद्यालय के एक छात्र और एक प्रत्यक्षदर्शी काशिफ ब्रोही ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “जैसे ही छात्र “लॉ कॉलेज” के परिसर में इकट्ठा हुए, इस्लामी जमीयत तुलबा (आईजेटी) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जबरन होली मनाने से रोक दिया, जिसके कारण झड़प हुई। झड़प के परिणामस्वरूप 15 हिंदू छात्र घायल हो गए। ब्रोही ने दावा किया कि उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूर्व अनुमति ली थी।

खेत कुमार के हाथ में इस दौरान चोट आई है। उसने कहा कि विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तब पीटा जब उन्होंने आईजेटी सदस्यों द्वारा जबरन होली मनाने से रोकने का विरोध करने के लिए कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कुमार ने कहा, “हमने आईजेटी और हमें पीटने तथा प्रताड़ित करने में शामिल सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दी है, लेकिन अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।”

पीटीआई द्वारा संपर्क किए जाने पर, आईजेटी (पंजाब विश्वविद्यालय) के प्रवक्ता इब्राहिम शाहिद ने इस घटना में उसके छात्रों की संलिप्तता से इनकार किया। पंजाब विश्वविद्यालय के प्रवक्ता खुर्रम शहजाद ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने लॉ कॉलेज के उद्यान में होली मनाने की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने कहा, “अगर समारोह कमरे के अंदर मनाया जाता तो कोई समस्या नहीं होती।” शहजाद ने कहा कि कुलपति ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button