अमेरिका में हिंदुओं की हत्या की साजिश रचने वाला आरोपी युवक गिरफ्तार

आरोपी के घर से राइफल, सैकड़ों गोलियां और सामरिक उपकरण बरामद; भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का उल्लेख करने वाला दस्तावेज मिलने का पुलिस का दावा

एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस

वॉशिंगटन,एजेंसी। अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक हिंदू मंदिर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर कथित तौर पर सामूहिक गोलीबारी की योजना बनाने के आरोप में 19 वर्षीय युवक एलेक्जेंड्रोस पापोरकिस को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा से जुड़ा एक दस्तावेज मिला है, जिसमें भारतीय मूल के लोगों सहित दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ हिंसा का उल्लेख किया गया है। आरोपी पर आतंकवादी धमकी देने और गैरकानूनी रूप से हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पैलेटाइन निवासी पापोरकिस को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान अधिकारियों ने आरोपी के संदेशों और ‘व्हाई आई फॉट : ए.के.ए. (औरोरा शूटर्स मैनिफेस्टो)’ शीर्षक वाले दस्तावेज की पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि इस दस्तावेज में श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी विचारधारा से जुड़े बयान थे। आरोपी पहले एक टैको बेल रेस्तरां में नकदी काउंटर पर काम करता था। आरोप है कि उसने अपने सहकर्मियों से भारतीयों को मारने की इच्छा भी जाहिर की थी।
जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी इलिनोइस के ऑरोरा शहर स्थित एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित योजना बना रहा था। पुलिस का दावा है कि वह गोलीबारी की तैयारी के साथ मंदिर तक पहुंचा, लेकिन उसकी बंदूक जाम हो गई, जिसके कारण वह अपनी कथित योजना को अंजाम नहीं दे सका और वापस घर लौट गया। अधिकारियों ने हालांकि उस मंदिर का नाम आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया है, जिसे निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के एक साथी ने उसकी कथित योजना की जानकारी अधिकारियों को दी थी। इसके बाद माउंट प्रॉस्पेक्ट और पैलेटाइन पुलिस विभागों ने आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की। रविवार दोपहर आरोपी को उसके घर से निकलते समय गिरफ्तार कर लिया गया। जांचकर्ताओं को आशंका थी कि वह पैलेटाइन से करीब 65 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित ऑरोरा के किसी हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी करने की योजना बना रहा था। ऑरोरा में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर क्षेत्र के प्रमुख हिंदू मंदिरों में शामिल है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है कि कथित योजना में इसी मंदिर को निशाना बनाया जाना था।
आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक राइफल, कई भरी हुई राइफल मैगजीन और सैकड़ों गोलियां बरामद करने की जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामान में शरीर की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल होने वाला कवच और एक सामरिक जैकेट भी शामिल थी। पुलिस ने जैकेट पर श्वेत वर्चस्ववादी उग्रवाद से जुड़े प्रतीक वाला एक चिह्न मिलने की बात भी कही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया। उसकी अगली अदालत में पेशी 30 अक्टूबर को निर्धारित बताई गई है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल, आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button