कौशाम्बी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से चार की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जिले के सैनी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के पास खड़ी एक पिकअप वाहन में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में चारपाई लदी हुई थी और अचानक पंचर हो जाने के कारण चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पंचर बनवा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चार लोगों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान साबिर, अकबर, अनवर और एहसान के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के चलते यह क्षेत्र लगातार हादसों का गवाह बन रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार वाहन व चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button