एसबीआई धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबानी की रिलायंस टेलीकॉम के खिलाफ सीबीआई का बड़ा एक्शन, कई ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली। अनिल अंबानी की रिलायंस टेलीकॉम एसबीआई धोखाधड़ी मामले में सीबीआई ने कई जगहों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि सीबीआई ने 114.98 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले में रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड के दो पूर्व निदेशकों सतीश सेठ और गौतम बी दोशी के खिलाफ FIR दर्ज करने के बाद उनके आवास और कंपनी कार्यालय की तलाशी ली है।
SBI की शिकायात के आधार पर मामले में अज्ञात लोक सेवकों और अन्य लोगों का भी नाम है। धोखाधड़ी और 114.98 करोड़ रुपये के गलत नुकसान के बारे में एसबीआई की शिकायत पर कार्रवाई की गई है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने कहा की रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड, सतीश सेठ (तत्कालीन निदेशक), गौतम बी दोशी (तत्कालीन निदेशक), अज्ञात लोक सेवकों और अज्ञात अन्य के खिलाफ आईपीसी के तहत साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत आपराधिक कदाचार और आधिकारिक पद के दुरुपयोग के लिए मामला दर्ज किया है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, एसबीआई 11 बैंकों के एक समूह का हिस्सा था, जिसने रिलायंस टेलीकॉम को कुल 735 करोड़ रुपये का टर्म लोन मंजूर किया था। सूत्रों के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने इस लोन से जुड़ी धोखाधड़ी वाली हरकतों के जरिए बैंक को वित्तीय नुकसान पहुंचाया।
सीबीआई के स्पोकपर्सन ने कहा कि मुंबई में सतीश सेठ और गौतम बी. दोषी के आवासों, तथा रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड के पंजीकृत कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया है। इसके साथ ही एजेंसी ने लोन के लेन-देन से जुड़े विभिन्न दस्तावेज बरामद किए।
महीने की शुरुआत में अनिल अंबानी से हुई थी पूछताछ
इस महीने की शुरुआत में, सीबीआई ने एक अलग मामले में अनिल अंबानी से कई घंटों तक पूछताछ की। यह मामला रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़े 2,929 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी से संबंधित है।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में लोन की रकम के कथित दुरुपयोग और लोन देने के नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है। समाचार एजेंसी के अनुसार, अनिल अंबानी को जांच में दोबारा शामिल होने के लिए कहा गया है, जबकि अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की गई है।




