बरेली में युवक का जबरन धर्म परिवर्तन कराकर निकाह, एसएसपी से लगाई गुहार
In Bareilly, a young man was forcibly converted to Islam and married, appeal made to SSP

बरेली/उत्तर प्रदेश। बरेली में 11 जुलाई को एक हिंदू युवक ने मुस्लिम लड़की से हिंदू रीति रिवाज से शादी की थी। युवक मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा और प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें बताया गया कि उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराया गया। खतना कराने का भी दबाव डाला गया।
बरेली के मोहल्ला जगतपुर पुराना शहर के रहने वाले प्रेमशंकर गुप्ता मंगलवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने एक प्रार्थना पत्र दिया, जिसमें बताया कि पूरनपुर की रहने वाली मुस्लिम लड़की हिना खान उर्फ प्रियंका से 11 जुलाई 2024 को बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम में प्रेम विवाह किया था। कुछ दिन बाद हिना ने बताया कि उसके पिता ने जहर खा लिया। वह चाहती है कि प्रेमशंकर उसको पूरनपुर लेकर चले। हिना ने प्रेमशंकर को विश्वास दिलाया कि वहां उसे कोई परेशान नहीं करेगा।
प्रेमशंकर गुप्ता पत्नी हिना को लेकर पूरनपुर पहुंचा। जहां पहले से ही इस्लामिक रीति-रिवाज से निकाह की तैयारी थी। उसको तमंचे के बल पर पीलीभीत स्थित शाह जी की मजार पर 18 जुलाई को ले जाया गया। जहां पर उससे जबरदस्ती पेपर पर साइन करा लिए गए। उन पेपरों पर धर्म परिवर्तन की बात लिखी थी। इसके बाद उसे योजनाबद्ध तरीके से हिना के घरवालों ने दिल्ली भेज दिया।
लड़की हिना खान का कहना है कि वह उत्तराखंड में काम करती थी, जहां उससे एक लड़के से जान-पहचान हुई, जिसने अपना नाम निहाल खान बताया था। उससे हमारी काफी दिनों तक बातचीत होती रही, फिर एक दिन लड़के ने कहा कि हम कब तक ऐसे बात करते रहेंगे। शाह जी की मजार पर चलकर हम शादी कर लेते हैं, लेकिन हमको शाह जी की मजार पर न ले जाकर केके शंखधर के घर ले गए। वहां लोगों ने हमें घेर लिया और मारपीट की। धर्म परिवर्तन कराकर मेरी मर्जी के खिलाफ शादी करा दी। लड़की हिना खान ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पंडित केके शंखधार ने बताया कि कुछ दिन पहले युवती शपथपत्र लेकर आई थी, जिसने बताया कि मैं बालिग हूं। हमने कागज देखकर उसकी शादी प्रेमशंकर गुप्ता से कराई। अब जब वह जबरन धर्म परिवर्तन की बात कह रही है, तो उसके वीडियो और अन्य रिकार्ड हमारे पास हैं। उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया था।




