फतेहपुर में किशोरी से सगे भाइयों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। धाता थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवक ने किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी को ब्लैकमेल कर युवक के भाई ने भी उससे दुष्कर्म किया। कई बार दोनों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म भी किया। यह बात किशोरी ने कोर्ट के समक्ष बयान में बताई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पाक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धारा बढ़ाई। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
थाना क्षेत्र एक गांव की रहने वाली किशोरी ने 29 जनवरी को थाने में शैलेश उर्फ बउरा सोनकर के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया और महिला पुलिस ने बयान दर्ज किए।
कोर्ट के समक्ष किशोरी ने बयान में बताया कि शैलेश ने प्रेमजाल में उसे फंसाकर शादी का भरोसा दिया था। झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। शैलेश ने एक दिन उसे खेत में बुलाया। यहां शैलेश ने भाई को बुला लिया। इसके बाद दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। बयान के आधार पर पुलिस ने शनिवार को सामूहिक दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई। थानाध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि किशोरी से दुष्कर्म में शैलश उर्फ बउरा सोनकर को गिरफ्तार किया गया है। उसके भाई की तलाश की जा रही है।




