शाहपुर में तेज धमाके के साथ विस्फोट, तीन लोगों की दुकानें ध्वस्त, खुफिया एजेंसियों ने शुरू की जांच

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। शाहपुर कस्बे के मुख्य बाजार में गुरुवार देर रात तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इस दौरान सर्राफ समेत तीन लोगों की दुकानें ध्वस्त हो गईं। विस्फोट का कारण जानने के लिए खुफिया एजेंसी, एसटीएस, फोरेंसिक एक्सपर्ट, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड टीम जुटी रहीं, लेकिन 18 घंटे बाद भी कारण स्पष्ट नहीं हुआ। एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, डीआइजी सहारनपुर अभिषेक सिंह, एसएसपी संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया और टीम को दिशा निर्देश दिए।
शाहपुर के मुख्य बाजार में यह धमाका गुरुवार रात लगभग एक बजे हुआ। यहां मदन लाल वर्मा, अनिल वर्मा की सराफा व आरिफ की रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। तेज धमाके के साथ हुए विस्फोट में तीनों दुकानों के भवन ध्वस्त हो गए और छत भी लटक गई।
साथ ही सड़क पार पंकज सिंघल की किराने की दुकान का शटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की वजह से आसपास की दुकानों में भी दरार आ गई। लोगों को लगा कि एसी का कंप्रेशर या गैस सिलेंडर फटा होगा, लेकिन दोनों में से कुछ भी नहीं फटा था।
थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ देर बाद वापस चली गई। शुक्रवार सुबह दिन निकलते ही एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह पहुंचे और घटना की जांच की। छत लटकी होने की वजह से जांच टीम अंदर नहीं जा पा रही थी। उधर, व्यापारियों ने घटना से आक्रोश जताते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि एक्सपर्ट की मदद से विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। किसी भी बारूद या एलपीजी गैस सिलेंडर के फटने के साक्ष्य नहीं मिले हैं।
मदनलाल सर्राफ की दुकान दो वर्षों से बंद थी, लेकिन वह 15-20 दिन में एक बार दुकान की सफाई करते थे। विस्फोट से तीनों दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सर्राफ अनिल वर्मा ने थाने में तहरीर दी है। बता दें कि अनिल की दुकान पर एसी लगे होने के साथ एलपीजी गैस सिलेंडर भी है, जो सुरक्षित मिले। दुकान पर लगे सीसीटीवी की डीवीआर को पुलिस ने कब्जे में लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है।




