दिल्ली में महिला अपराधों पर लगेगी लगाम, थानों की बीटों में महिला सिपाहियों की की जाएगी तैनाती
गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर शुरू की जा रही है यह पहल

नई दिल्ली/एजेंसी। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए राजधानी के सभी थानों की बीट में प्रशिक्षित महिला कांस्टेबलों की तैनाती की जाएगी। हर थाने में करीब 10 से 15 बीट ऐसी हैं, जिनमें अभी तक सिर्फ पुरुष पुलिसकर्मी तैनात हैं, लेकिन अब हर थाने की चार से पांच ऐसी बीट चिह्नित की जाएंगी, जहां महिलाओं से संबंधित अपराध ज्यादा होते हैं।
उन बीट में पुरुषों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती अनिवार्य होगी। थानों में महिला कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए पिछले महीने ही करीब एक साल के गहन प्रशिक्षण के बाद एक हजार महिला कांस्टेबल दिल्ली पुलिस में शामिल हुई हैं।
कई थानों में इनकी तैनाती भी कर दी गई है। दो महीने बाद यानी जून में दिल्ली पुलिस को एक हजार और महिला पुलिसकर्मी मिल जाएंगी। पुलिस अधिकारी का मानना है कि दो हजार महिला कांस्टेबलों के शामिल होने से न सिर्फ थानों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा, बल्कि शहर की कानून व्यवस्था पर भी इसका खासा असर पड़ेगा।
विधानसभा चुनाव के बाद पिछले महीने गृह मंत्रालय में गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई दिल्ली पुलिस अधिकारियों की बैठक में गृह मंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए इस तरह के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने दोनों विशेष आयुक्त कानून एवं व्यवस्था रविंद्र सिंह यादव और मधुप कुमार तिवारी को इस बारे में रणनीति तैयार करने और थानों में इस तरह की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि कई थानों में कुछ बीटों में महिला कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। धीरे-धीरे सभी थानों में इस तरह की व्यवस्था की जाएगी।
सब इंस्पेक्टर के तीन बैच प्रशिक्षण प्राप्त
मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पिछले साल दिल्ली पुलिस में 10,338 पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई थी। इसमें कांस्टेबल और सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। सब इंस्पेक्टर के तीन बैच प्रशिक्षण प्राप्त कर दिल्ली पुलिस में शामिल हो चुके हैं।
इनकी संख्या करीब 1200 है। 10,338 में ड्राइवर और 800 वायरलेस ऑपरेटर भी शामिल हैं। 2000 महिला कांस्टेबलों में से एक हजार फरवरी में चुनाव के बाद प्रशिक्षण पूरा कर दिल्ली पुलिस में शामिल हुई थीं। मुख्यालय ने सभी 15 जिलों के डीसीपी को पत्र लिखकर सूचित किया है कि वे इन महिला कांस्टेबलों को बीईटी में डाल सकते हैं।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि हर थाना क्षेत्र में कुछ ऐसे बाजार हैं, जहां महिलाएं ज्यादा आती हैं। महिलाओं से जुड़े अपराध ऐसे इलाकों में ही होते हैं। इसलिए सबसे पहले बाजार बीट में महिला कांस्टेबलों की तैनाती की जा रही है। ताकि महिला पुलिसकर्मी महिलाओं की समस्याओं का समाधान आसानी से कर सकें।
- दिल्ली के 15 जिलों में पुलिस थानों की संख्या – 194
- रेलवे पुलिस थानों की संख्या – सात
- एयरपोर्ट पुलिस थाने – दो
- मेट्रो पुलिस थाने – 16
- कुल पुलिस थाने – 219




