नोएडा में महिला पत्रकार का बाइक सवारों ने किया पीछा, पुलिस ने 36,000 रुपये का किया ई-चालान

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में दिनदहाड़े एक महिला पत्रकार को बाइक सवार तीन युवकों द्वारा परेशान करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-16ए में एक निजी न्यूज चैनल में कार्यरत महिला एंकर ने अपनी शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल वीडियो के साथ साझा की, जिसमें बाइक सवार युवक उनकी कार का पीछा करते और परेशान करते नजर आ रहे हैं। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए 36,000 रुपये का ई-चालान जारी किया है।
घटना नोएडा के सेक्टर-16ए में हुई, जहां एक निजी न्यूज चैनल की महिला पत्रकार अपनी कार में थीं। तीन युवकों ने काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर उनका पीछा किया और परेशान किया। जब पत्रकार ने अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की, तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने हेलमेट से नंबर प्लेट को छिपाने का प्रयास किया। 8 सेकंड के इस वायरल वीडियो में तीनों युवक बिना हेलमेट के दिखाई दे रहे हैं।
महिला पत्रकार ने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग कर कार्रवाई की मांग की।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया और यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए बाइक मालिक के खिलाफ 36,000 रुपये का ई-चालान जारी किया। थाना फेस-3 पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन वीडियो के आधार पर ई-चालान की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button