कौशाम्बी पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो थाना क्षेत्रों में हुई छिनैती का खुलासा, शातिर लुटेरा गिरफ्तार

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और दक्षता का परिचय देते हुए थाना सराय अकिल और करारी क्षेत्र में हुई छिनैती की घटनाओं का सफल खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रयागराज निवासी शातिर अपराधी मो0 सैफ उर्फ बाटे को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दो पीले धातु के लॉकेट और घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ कौशाम्बी और प्रयागराज में चोरी व छिनैती के कई मुकदमे दर्ज हैं।
फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस सराहनीय कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने टीम की हौसला अफजाई करते हुए 25,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। कौशाम्बी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप और आमजन में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।




