यूपी पुलिस के निलंबित इंस्पेक्टर ने घर के देवी-देवताओं की मूर्तियां चौराहे पर रखी

हिंदू धर्म छोड़ने का किया ऐलान

झांसी/उत्तर प्रदेश। यूपी पुलिस के एक निलंबित इंस्पेक्टर मोहित यादव ने बुधवार को घर के सारे देवी-देवताओं की तस्वीरें, मूर्तियां और पूजा-पाठ के सभी सामान इलाइट चौराहे पर रख दिए और हिंदू धर्म छोड़ने का ऐलान कर दिया। निलंबित इंस्पेक्टर ने आरोप लगाया कि जातिवाद के कारण उसका लगातार शोषण किया जा रहा है, इसलिए हिंदू धर्म छोड़ दिया है। इंस्पेक्टर ने झांसी पुलिस के अफसरों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि पिछले तीन महीने से उसके खिलाफ लगातार उत्पीड़न की कार्रवाई की जा रही है।
निलंबित इंस्पेक्टर मोहित यादव ने कहा कि ‘हिंदू धर्म छोड़ दिया है। ऐसा धर्म छोड़ दिया है, जिसमें जातिवाद है। जाति के नाम पर दूसरे के जीवन को जीवन नहीं समझा जाता है। जाति के नाम पर देवी देवताओं के आशीर्वाद मिलते हैं। इस तरह के धर्म को छोड़ दिया है। पिछले तीन महीने से मेरा शोषण किया जा रहा है। मेरे ऊपर मुकदमा लिख दिया गया है। जांचें खोल दी गई हैं। सस्पेंड कर दिया गया है। सिर्फ जाति के नाम पर ये सारी चीजें चल रही हैं। विशेष जाति के लोग बैठे हुए हैं। मेरी नजर में वे ताड़का और पूतना है।’
निलंबित इंस्पेक्टर मोहित यादव पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में है। मोहित यादव ने झांसी पुलिस के अफसरों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। दस दिन पहले मोहित यादव ने इलाइट चौराहे पर चाय का स्टाल लगाकर चाय की बिक्री कर अपना विरोध दर्ज कराया था। निलंबित होने के बाद अनुशासनहीनता के आरोप में मोहित के खिलाफ कई जांचें चल रही हैं।पिछले महीने छुट्टी के एक आवेदन को लेकर मोहित यादव का प्रतिसार निरीक्षक से विवाद हो गया था, जिसे लेकर मोहित के खिलाफ नवाबाद थाने में केस दर्ज किया गया था। इंस्पेक्टर के खिलाफ दर्ज इस मुकदमे की भी जांच चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button