दिव्यांग खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए डॉ. मनोज कुमार तिवारी सम्मानित

वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉ. मनोज कुमार तिवारी को दिव्यांग खेलों को प्रोत्साहित करने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विधान परिषद सदस्य श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह और पूर्व विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ने सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किया।

वाराणसी,उत्तर प्रदेश। दिव्यांगजनों के खेलों को प्रोत्साहित करने और उनके कल्याण के क्षेत्र में योगदान के लिए वाराणसी के वरिष्ठ मनोचिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. मनोज कुमार तिवारी को सम्मानित किया गया। विधान परिषद सदस्य श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह और पूर्व विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के तहत भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ और ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में दिया गया।
कार्यक्रम में काशी क्षेत्र भाजपा अध्यक्ष श्री अशोक चौरसिया, दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा, ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया, आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ सिंह, कृपानंद महाराज, अनिल शास्त्री और नवरत्न राठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. मनोज तिवारी ने कहा कि व्यक्ति को अपने हितों के साथ सामाजिक हित के लिए भी काम करना चाहिए। दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्य करना ईश्वरीय कार्य के समान है। उन्होंने दिव्यांगजनों को अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
डॉ. तिवारी पिछले 20 वर्षों से दिव्यांगजनों के कल्याण और अधिकारों के प्रति जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह पिछले आठ वर्षों से ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट में मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने ‘दिव्यांगता : समग्र उपागम’ सहित 12 पुस्तकों का लेखन किया है और कई अन्य पुस्तकों में अध्याय भी लिखे हैं।
भारतीय पुनर्वास परिषद, नई दिल्ली में पंजीकृत मनोवैज्ञानिक डॉ. तिवारी विभिन्न संस्थाओं को सहयोग देने के साथ सतत पुनर्वास शिक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में व्याख्यान देते रहे हैं। वह दिव्यांगजनों के अधिकारों और जागरूकता से जुड़े विषयों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय समाचार पत्रों तथा पत्र-पत्रिकाओं में लेख भी प्रकाशित करते हैं।
डॉ. तिवारी की ओर से उत्तर प्रदेश पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, रेलवे सुरक्षा बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, अग्निशमन विभाग, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, दिव्यांगजनों, बंदियों, जरूरतमंद महिलाओं और विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर भी आयोजित किए जाते हैं।
इससे पहले भी डॉ. तिवारी को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उनका कार्य दिव्यांगजनों के कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और खेलों में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button