कानपुर दि लायर्स एसोसिएशन के चुनाव में रवींद्र शर्मा अध्यक्ष, शरद कुमार बने महामंत्री

कानपुर/उत्तर प्रदेश। दि लायर्स एसोसिएशन के लिए चुनाव के बाद बुधवार को कड़े सुरक्षा घेरे के बीच मतगणना शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर रवींद्र शर्मा 1594 वोट पाकर विजयी हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्याम नारायण सिंह को 201 वोटों से हराया। महामंत्री पद पर शरद कुमार शुक्ला ने 1685 वोट पाकर जीत हासिल की। इस पद पर दूसरे नंबर पर अभिषेक तिवारी रहे। मतगणना गुरुवार को भी जारी रहेगी। वरिष्ठ, कनिष्ठ उपाध्यक्ष समेत 18 अन्य पदों की मतगणना अभी बाकी है।
कचहरी परिसर स्थित दि लायर्स एसोसिएशन भवन में सुबह 10:30 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन युद्धवीर सिंह चौहान की देखरेख में बैलट पेपर की गड्डी बनाई गई। शाम 4 बजे के बाद तक गड्डियां तैयार होने के बाद मतगणना शुरू हुई। 14 बूथ पर पड़े 4316 वोटों की गिनती देर शाम तक चली। अध्यक्ष पद के लिए रवींद्र शर्मा व श्याम नारायण सिंह के बीच टक्कर रही। दोनों आगे-पीछे होते रहे। आखिर में श्याम नारायण सिंह पिछड़ गए। महामंत्री पद के लिए शरद कुमार शुक्ला ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी। 856 वोट के लंबे अंतर से उन्होंने अभिषेक तिवारी को हराया। अध्यक्ष पद पर पांच व महामंत्री पद के लिए नौ प्रत्याशी मैदान में थे।

मतगणना शांतिपूर्वक कराने के लिए सुबह से कड़ा सुरक्षा घेरा रहा। चेतना चौराहा से सरसैया घाट चौराहा तक यातायात प्रतिबंधित रहा। मतगणना स्थल पर भी भारी फोर्स तैनात रहा। पुलिस अधिकारी बीच-बीच में निरीक्षण करते रहे। मतगणना स्थल के बाहर प्रत्याशियों के समर्थक डटे रहे। अंदर से छन-छन आ रही बढ़त की खबरों पर वे नारेबाजी करते रहे। जीत के बाद नारेबाजी करते अध्यक्ष व महामंत्री बाबा आनंदेश्वर मंदिर के दर्शन करने गए। कचहरी स्थित हनुमान मंदिर में भी दर्शन किए। समर्थक नारेबाजी करते पहुंचे और माला पहनाकर स्वागत किया। अभी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री प्रशासन, प्रकाशन आदि पदों के लिए वोटों की गिनती होनी है। दि लायर्स एसोसिएशन के चेयरमैन युद्धवीर सिंह चौहान का कहना है कि शांतिपूर्वक मतगणना चल रही है।




