गयाजी में गुस्से में बिजली के पोल पर चढ़ गई युवती, सामने आया ‘भाभी कनेक्शन’

In Gayaji, a girl climbed an electric pole in anger, 'bhabhi connection' came to light

गया/बिहार। गयाजी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के मायापुर गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 22 वर्षीय सोनी देवी ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या करने की कोशिश की। वह अपने मायके में रह रही थी, जहां उसका अक्सर अपनी भाभी से झगड़ा होता था। शुक्रवार को हुई एक कहासुनी के बाद, वह गुस्से में घर से निकल गई और सीधा 35 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर चढ़ गई। खंभे के पास हाई वोल्टेज करंट था, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
यह घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के मायापुर गांव की है। सोनी देवी के पति की मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद वह ससुराल में रहने के बजाय अपने मायके में रह रही थी। मायके में उसका अक्सर अपनी भाभी के साथ झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार को भी सोनी देवी का अपनी भाभी के साथ झगड़ा हो गया। भाभी ने उसे कुछ ऐसी बातें बोल दीं, जिससे वह बहुत आहत हुई। उसने आत्महत्या करने की ठान ली, लेकिन उसने आत्महत्या के लिए जो तरीका अपनाया, उससे पूरे गांव के लोग हैरान रह गए।
सोनी देवी गुस्से में घर से निकली और सीधे 35 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर चढ़ने लगी। लोगों ने पहले सोचा कि वह चढ़ नहीं पाएगी, लेकिन देखते ही देखते वह खंभे के ऊपरी हिस्से के पास पहुंच गई। वहां पर हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था। ग्रामीणों को लगा कि वह करंट की चपेट में आ जाएगी। वे उसे नीचे उतरने के लिए चिल्लाने लगे। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
गांव के एक युवक ने समझदारी से काम लिया। उसने बिजली विभाग को फोन कर घटना की जानकारी दी। घटना सुनते ही विभाग के कर्मचारी भी घबरा गए। उन्होंने तुरंत बिजली काट दी। इससे खंभे से गुजर रही तारों में करंट आना बंद हो गया। इसके बाद गांव के लोगों ने काफी मशक्कत कर उसे नीचे उतरने को कहा। कुछ देर बाद वह बिजली के खंभे से नीचे उतरी। नीचे उतरने के बाद वह बेहोश हो गई। भीषण गर्मी में बिजली का खंभा एकदम से गर्म था। उस पर चढ़ने के बारे में लोगों ने सोचा भी नहीं था, लेकिन गुस्से में सोनी देवी तप रहे बिजली के खंभे पर चढ़ गई और ऊपरी हिस्से के करीब तक पहुंच गई। गनीमत रही कि लोगों की समझदारी से एक बड़ी अनहोनी टल गई। मौके पर डायल 112 को भेजा गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के बाद अब वह बिल्कुल स्वस्थ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button