चीनी के बढ़ते दामों पर सियासत तेज, सपा ने लगाया स्टॉल, बांटी मुफ्त चीनी
चीनी पर राजनीति तेज हो गई है। चीनी के बढ़ते दामों को लेकर विपक्ष बीजेपी पर हमलावर है। वहीं, सपा ने अमेठी में गुरुवार को फ्री चीनी बांटी। साथ ही स्मृति ईरानी पर हमला बोला।

अमेठी/उत्तर प्रदेश। चीनी के बढ़ते दामों को लेकर जहां सरकार सतर्क है, वहीं विपक्ष भी सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को गौरीगंज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष राम उदित यादव के नेतृत्व में स्टॉल लगाकर जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चीनी वितरित की।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2019 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी ने चुनावी सभा में कहा था कि कमल का बटन दबाओ और 13 रुपये किलो चीनी पाओ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार बनने के बावजूद यह वादा पूरा नहीं हुआ और आज चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
राम उदित यादव ने कहा कि रक्षाबंधन का त्योहार है और महंगाई के कारण कई जरूरतमंद परिवारों के लिए त्योहार फीका पड़ रहा है। ऐसे परिवारों की मदद के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता चीनी का वितरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल करीब पांच क्विंटल चीनी बांटने की व्यवस्था की गई है और जरूरत पड़ने पर आगे भी चीनी वितरित की जाएगी।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2019 में किए गए 13 रुपये किलो चीनी देने के वादे को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा और स्मृति ईरानी पर सवाल उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर रक्षाबंधन के अवसर पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त चीनी बांटने का निर्णय लिया गया।
बता दें कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान एक चुनावी जनसभा में स्मृति ईरानी द्वारा 13 रुपये किलो चीनी उपलब्ध कराने संबंधी घोषणा किए जाने की बात सामने आई थी। इस घोषणा को लेकर विपक्ष समय-समय पर भाजपा और स्मृति ईरानी को निशाने पर लेता रहा है। चीनी के बढ़ते दामों के बीच सपा द्वारा मुफ्त चीनी वितरण किए जाने से अमेठी में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।



