किसानों के लिए बड़ी सौगात: 13 मार्च को खातों में आएंगे 2000, जिले में पहुँचेगी 5.63 करोड़ रुपए की राशि

पीएम किसान उत्सव दिवस के साथ किसानों को मिलेगा तोहफा, डीबीटी से खातों में आएगी 22वीं किस्त

शैलेश जैन,एमसीबी/छत्तीसगढ़। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM&KISAN) योजना के तहत जिले के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा असम के गुवाहाटी से देशभर के किसानों के खातों में योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे । इस अवसर पर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के 28,145 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 5.63 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
उप संचालक कृषि कार्यालय मनेन्द्रगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक पात्र किसान के खाते में 2,000 रुपए की राशि जमा होगी। यह राशि किसानों को कृषि कार्यों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से दी जा रही है, जिससे वे खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक खर्चों को पूरा कर सकें।
इस अवसर पर भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में “पीएम किसान उत्सव दिवस” भी मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर “किसान गोष्ठी” आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों को योजना से संबंधित जानकारी दी जाएगी और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (Webcast) भी दिखाया जाएगा।
कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे योजना का लाभ सुचारू रूप से प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण कर लें। इसके लिए किसानों को e&KYC पूर्ण करना, बैंक खाते को आधार से लिंक कराना, आधार सीडिंग करवाना तथा AgriStack पोर्टल पर Farmer ID बनवाना आवश्यक है।
इन सभी प्रक्रियाओं के लिए किसान अपने नजदीकी लोक सेवा केंद्र (CSC), किसान चॉइस सेंटर या विकासखंड स्तर के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी पात्र किसान तकनीकी कारणों से योजना के लाभ से वंचित न रहे और सभी किसानों को समय पर सहायता राशि प्राप्त हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button