यूपी के फर्रुखाबाद में थानेदार ने रिश्वत में मांग ली 10 किलो ‘सेम की नमकीन’, एसपी ने किया सस्पेंड

फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश। कार्रवाई करने के बदले सेम के बीज की नमकीन मांगने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने कमालगंज थानाध्यक्ष को हटाकर आयोग सेल का प्रभारी बनाया गया। उनके स्थान पर निरीक्षक ललित कुमार को चार्ज दिया गया है। कादरीगेट के मुहल्ला जंगबाज खां निवासी सीता देवी के पुत्र अनिकेत 24 फरवरी को कमालगंज के गांव शेखपुर में स्थित अपनी ससुराल गए थे। वहां पर अनिकेत की पिटाई कर दी गई थी। इस मामले में सीता देवी ने 27 फरवरी को गांव शेखपुर निवासी अनिकेत के साले अभिषेक, राज, साली संजना व सास संतोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अनिकेत के चाचा रवि कुमार ने कमालगंज थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय पर कार्रवाई करने के नाम पर एक दलाल के माध्यम से 10 किलो सेम के बीज की नमकीन मंगवाने का आरोप लगाया था।
उन्होंने बताया था कि वह पांच किलो सेम की नमकीन दे चुके हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जांच कराई। जांच के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने बुधवार देर रात कमालगंज थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय को चार्ज से हटा दिया।
निरीक्षक अवध नारायण पांडेय को आयोग सेल का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक ललित कुमार को कमालगंज थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। विदित है कि नमकीन के आरोप लगने के बाद पुलिस ने 17 मार्च को अनिकेत के साले राज गौतम काे गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया था।




