कोलकाता डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी पर सुप्रीम कोर्ट में हंस रहे थे कपिल सिब्बल
सीजेआई चंद्रचूड़ ने फटकारा, अब फूटा लोगों का गुस्सा

कोलकाता/एजेंसी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना को छिपाने का प्रयास किया। सीबीआई जब तक जांच अपने हाथ में जांच लेकर शुरू करती वहां सब बदल दिया गया था। मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही थी। जस्टिस और सीनियर वकीलों की लॉबी एकत्र थी। सीबीआई की ओर से अदालत में पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पीड़िता की दर्द की कहानी बयां कर रहे थे, इसी दौरान कपिल सिब्बल हंस रहे थे। उनकी हंसी पर तुषार मेहता भड़क गए और उन्हें खरी-खरी सुनाई।सीबीआई ने बताया कि ‘हमने पांचवें दिन जांच शुरू की। इससे पहले, स्थानीय पुलिस ने जो कुछ भी इकट्ठा किया था, वह हमें दे दिया गया। जांच अपने आप में एक चुनौती है, क्योंकि अपराध स्थल का परिदृश्य बदल दिया गया था। प्राथमिकी (पीड़िता के) अंतिम संस्कार के बाद रात पौने 12 बजे दर्ज की गई।’
सुनवाई के दौरान तुषार मेहता ने कपिल सिब्बल की इस बात के लिए आलोचना की कि जब वह पुलिस की प्राथमिकी दर्ज करने में खामियों की ओर इशारा कर रहे थे तो सिब्बल कथित तौर पर हंस रहे थे। मेहता ने सिब्बल से कहा, ‘एक लड़की ने सबसे अमानवीय और वीभत्स तरीके से अपनी जान गंवा दी है। किसी की मौत हुई है। कम से कम हंसिए तो मत।’ सिब्बल ने कहा कि हर कोई मानता है कि यह घटना दुखद और बर्बर है। कपिल सिब्बल को सीजेआई ने भी फटकार लगाई। सीजेआई चंद्रचूड़ ने कपिल सिब्बल से कहा कि बंगाल का रेप कांड बहुत ही गंभीर मामला है। ऐसे संवेदनशील मुद्दे राजनीति के लिए नहीं होते हैं, कृपया इसका राजनीतिकरण मत करिए। आप सुनवाई के दौरान हंसने लगे, ये आपको शोभा देता है क्या?
सीजेआई के सवाल पर कपिल सिब्बल ने साधी चुप्पी
आप बंगाल सरकार के प्रतिनिधि हैं लेकिन जरा उस रेप पीड़िता के बारे में भी सोचिए, उनके माता-पिता के बारे में सोचिए! सीजेआई ने पूछा कि लड़की की लाश देने के 3 घंटे बाद एफआईआर क्यों दर्ज की गई पहले क्यों नहीं? इस पर कपिल सिब्बल ने कहा कि क्योंकि लड़की के पिता ने ही एफआईआर 11:45 पर दर्ज कराई थी। इस पर सीजेआई चंद्रचूड़ ने पूछा कि अपराध अस्पताल में हुआ तो लड़की के पिता की अनुपस्थिति में अस्पताल के लोगों को एफआईआर दर्ज करानी चाहिए थी? हॉस्पिटल के पदाधिकारी क्या कर रहे थे घंटों तक? इस पर कपिल सिब्बल चुप हो गए।
कपिल सिब्बल की हंसी पर भड़के लोग
इधर कपिल सिब्बल की हंसी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और और जमकर कपिल सिब्बल पर गुस्सा उतार रहे हैं। लोगों ने उन्हें गंदा, घिनौना तक कहा। कई ने उनके लिए बहुत ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया। एक यूजर ने कहा कि कपिल सिब्बल का जमीर मर गया है तो किसी ने कहा कि यह रुपयों के लिए कुछ भी कर सकते हैं।
वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कपिल सिब्बल से अपील की है कि वे अपराधियों की अपील न करें। उन्होंने कहा कि मैं कपिल सिब्बल से गुजारिश करूंगा कि आप खुद को इस केस से अलग कर लें। बंगाल के आम लोगों की संवेदनाएं इस केस से जुड़ी हैं। बंगाल के लोग गुस्से में हैं। आप उनकी तरफदारी न करें तो बेहतर है।




