कश्मीर जाने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर, वैष्णो देवी कटड़ा–श्रीनगर के बीच विशेष आरक्षित ट्रेन चलाएगा रेलवे

जम्मू मंडल में कश्मीर आने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और श्रीनगर के बीच विशेष आरक्षित ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

सुदेश कुमार/कटड़ा। जम्मू मंडल में कश्मीर घूमने आए यात्रियों व पर्यटकों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा और श्रीनगर के बीच विशेष आरक्षित ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और सुगम यात्रा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
रेलवे के अनुसार 3 फरवरी को विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04627/04628 तथा 4 फरवरी को विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04629/04630 का संचालन श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा–श्रीनगर–श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच किया जाएगा। 3 फरवरी को विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04627 सुबह 8:10 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से रवाना होकर सुबह 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
इस दौरान ट्रेन बनिहाल रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04628 उसी दिन दोपहर 2 बजे श्रीनगर से चलकर शाम 5 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। इसी प्रकार 4 फरवरी को विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04629 सुबह 10 बजे कटड़ा से रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे श्रीनगर पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 04630 दोपहर 3 बजे श्रीनगर से चलकर शाम 6 बजे कटड़ा पहुंचेगी।
जम्मू रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू, उचित सिंघल ने बताया कि इससे पहले भी 27 और 28 जनवरी को विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया था, जिसे यात्रियों और पर्यटकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पूर्व ट्रेनों की अद्यतन जानकारी भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 से अवश्य प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button