महंत यति नरसिंहानंद के करीबी अनिल यादव समेत चार गिरफ्तार
Four people including Mahant Yati Narasimhanand's close aide Anil Yadav arrested

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वेव सिटी थाना पुलिस ने डासना स्थित देवी मंदिर के बाहर चार अक्टूबर को नारेबाजी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के करीबी अनिल यादव को कविनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात को गिरफ्तार कर लिया है।
डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के पैगम्बर पर दिए विवादित बयान के बाद तनाव कम नहीं हो रहा है। आज शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस सतर्क है। बीते शुक्रवार की रात डासना देवी मंदिर पर हजारों की उग्र भीड़ पहुंच गई थी। इस मामले में हिंदूवादी संगठनों ने 13 अक्टूबर को देवी मंदिर पर महापंचायत की घोषणा की हुई है। जबकि पुलिस ने पंचायत की अनुमति देने से मना कर दिया है। मामले में लगातार विरोध जारी है।
एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि बृहस्पतिवार को पकड़े गए आरोपितों में डासना का शाहिद, हासिम कुरैशी और जावेद हैं। इस प्रकरण में अब तक 23 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उनको भी गिरफ्तार किया जाएगा। डासना स्थित देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद के करीबी अनिल यादव को कविनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात को गिरफ्तार किया है। अनिल यादव के खिलाफ पहले से एक केस वेव सिटी थाने में दर्ज है, जिसमें उनको बृहस्पतिवार को दिन में जमानत मिली थी। विवादित बयान देने के मामले में यादव ने अदालत में सरेंडर कर दिया था। डीसीपी ग्रामीण एसएन तिवारी ने बताया कि अनिल यादव को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के खिलाफ आगे की कार्रवाई कविनगर पुलिस द्वारा की जाएगी।
महंत यति नरसिंहानंद के विवादित बयान के बाद मुस्लिम समाज में आक्रोश है। मुस्लिम समाज के लोग यति नरसिंहानंद के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, जमीयत उलामा-ए-हिंद के बैनर तले बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग हाल ही में मोदीनगर तहसील पहुंचे थे और धरने पर बैठ गए थे। मुस्लिम समाज के लोगों ने यति नरसिंहानंद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।




