आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर नहीं मिल सकती जमानत, सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट का आदेश किया रद

सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि और पूर्व में दोषी ठहराए गए व्यक्ति को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं मिल सकती।

सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली,एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में आरोपित व्यक्ति को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती। अदालत ने हत्या के एक मामले में आरोपित को जमानत देने के पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश को रद करते हुए उसे एक सप्ताह के भीतर समर्पण करने का निर्देश दिया है।

जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने 18 नवंबर को दिए आदेश में कहा कि त्वरित सुनवाई का अधिकार संविधान के अनुच्छेद-21 का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन जघन्य अपराधों के मामलों में आरोपित के अधिकारों के साथ समाज, पीड़ित और उसके परिवार के हितों को भी ध्यान में रखना जरूरी है। अदालत ने कहा कि कई आपराधिक मामलों में शामिल व्यक्ति को जमानत देते समय इन दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाए रखना न्यायालय का दायित्व है।

मामले में सामने आया कि आरोपित ने हाई कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल करते समय अपनी पूर्व दोषसिद्धि और अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाई थी। उसने याचिका में दो स्थानों पर कहा था कि मौजूदा मामले के अलावा वह किसी अन्य आपराधिक मामले में शामिल नहीं है। जबकि उसे इसी मृतक की हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में दोषी ठहराया जा चुका था। मौजूदा वारदात के समय वह उसी मामले में जमानत पर बाहर था।

हाई कोर्ट ने आरोपित को पांच वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहने के आधार पर जनवरी 2026 में जमानत दे दी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की पूरी जानकारी हाई कोर्ट के सामने नहीं रखी गई थी। शीर्ष अदालत ने कहा कि गलत तथ्य पेश कर हासिल किए गए जमानत आदेश को बरकरार नहीं रखा जा सकता।

मृतक के पिता और शिकायतकर्ता की अपील पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट का जमानत आदेश निरस्त कर दिया और आरोपित को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत में समर्पण करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button