दहेज में ब्रेजा कार नहीं मिलने पर शादी तोड़ने का आरोप, दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल निलंबित
दिल्ली पुलिस ने दहेज मांगने और शादी तोड़ने के आरोप में एक कॉन्स्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हरियाणा के सोनीपत में हुई घटना के बाद की गई, जहां दुल्हन पक्ष ने ब्रेजा कार की मांग का आरोप लगाया था।

नई दिल्ली। हरियाणा के सोनीपत में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी तोड़ने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने अपने एक कांस्टेबल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल के कथित कदाचार को गंभीरता से लिया गया है और विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबन की कार्रवाई जारी रहेगी।
मामला 20 नवंबर 2026 को सोनीपत में हुई एक शादी से जुड़ा है। दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस में तैनात कांस्टेबल कुलदीप और उसके परिजनों ने शादी के दौरान दहेज में ब्रेजा कार और सोने के गहनों की मांग की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जनवरी 2026 में बिचौलियों के माध्यम से उनकी बेटी का रिश्ता गोहाना के गांधी नगर निवासी कुलदीप के साथ तय हुआ था। रिश्ता तय कराते समय बिचौलियों ने बताया था कि युवक दिल्ली पुलिस में कार्यरत है और उसका परिवार संपन्न है। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया गया था कि लड़के पक्ष की ओर से दहेज की कोई मांग नहीं की जाएगी।
सुभाष कुमार का आरोप है कि शादी तय होने के बाद दूल्हे पक्ष की ओर से ब्रेजा कार की मांग की गई। हालांकि, ब्रेजा की बुकिंग नहीं हो पाने के कारण उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार करीब आठ से नौ लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी। इसके बावजूद दूल्हा अपनी मांग पर अड़ा रहा। आरोप है कि शादी के दिन बारात समारोह स्थल पर पहुंची, मंडप सजाया गया और मेहमानों का स्वागत भी हुआ, लेकिन मनपसंद कार और सोने के गहनों की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा शादी से इनकार कर बारात लेकर वापस लौट गया।
घटना के बाद दुल्हन के पिता ने दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल कुलदीप, उसकी मां, भाई-भाभी और दो बिचौलियों सहित छह लोगों के खिलाफ सोनीपत के सेक्टर-27 थाने में शिकायत दी है। शिकायत में दूल्हे पक्ष पर दहेज की मांग कर शादी तोड़ने का आरोप लगाया गया है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई की है। पुलिस ने कांस्टेबल के आचरण को गंभीर मानते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही निर्धारित नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



