पुरानी कहासुनी में युवक पर चाकू से हमला, हत्या की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के मंडोली में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को चाकू मारने के आरोप में हर्ष विहार थाना पुलिस ने उमेश नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को वारदात के 12 घंटे के भीतर पकड़ा गया।

पूर्वी दिल्ली। मंडोली इलाके में करीब 40-45 दिन पुरानी कहासुनी को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में हर्ष विहार थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। घायल युवक के पेट में चाकू लगने से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मंडोली एक्सटेंशन निवासी उमेश के रूप में हुई है। उसे वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह पहले हत्या के एक मामले में भी शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे चार खंभा, मंडोली के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को संदीप उर्फ अमन (27) घायल अवस्था में मिला। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अस्पताल में उसका बयान दर्ज किया, जिसके आधार पर घटना की वजह पुरानी रंजिश सामने आई।
संदीप ने पुलिस को बताया कि करीब 40-45 दिन पहले उसके भाई रोबिन और उमेश के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी विवाद को लेकर उमेश से उसकी कहासुनी हुई और आरोप है कि इसी दौरान उमेश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके पेट में चोट आई।
घायल के बयान के आधार पर 21 नवंबर को हर्ष विहार थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएचओ तेज दत्त गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने उसे वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल चाकू अभी बरामद नहीं हुआ है। उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच भी जारी है।




